टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 25-12-2022 को त्रिदिवसीय डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता (U-19) बालक वर्ग 2022 का बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार, रांची में विजयी खिलाड़ियों को ट्रॉफी मेडल देने के उपरांत समापन हुआ।
इस समापन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ जे पी शूर (निदेशक पी एस-1) डीएवी कॉलेज प्रबंधन समिति, नई दिल्ली सह डीएवी राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के कॉर्डिनेटर थे। श्री शूर ने सभी आरओ, एआरओ, प्राचार्यों, शिक्षकों, बच्चों, अभिभावकों, मीडिया कर्मियों एवं इस कार्यक्रम से जुड़े सभी कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेगा इवेंट्स सभी के सहयोग से ही सफल होते हैं। उन्होंने इस खेल के ज़ोनल कॉर्डिनेटर श्री एम के सिन्हा (एआरओ) की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि श्री सिन्हा ने इस खेल के आयोजन की ज़िम्मेदारी बखूबी निभाई और बहुत ही कम समय में सारी व्यवस्थाएं सुंदर तरीके से बनाई।
उन्होंने श्री एम के सिन्हा, प्राचार्य सह सहायक क्षेत्रीय अधिकारी, झाखण्ड ज़ोन-बी को कोट करते हुए कहा- वक्त तू कितना भी परेशान कर ले हम किसी मोड़ पर तुझे बदल देंगे। आज सिन्हा ने इसे साबित करके दिखाया।
श्री शूर ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि-
ज़िन्दगी जीना आसान नहीं होता,
बिना संघर्ष के कोई महान नहीं होता।
जब तक न पड़े हथौड़े की चोट,
पत्थर भी भगवान नहीं होता।
इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल बरियातू, गांधीनगर एवं पुंदाग के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। जिसे सभी ने सराहा। खेल समापन समारोह के अवसर पर माननीय न्यायाधीश श्री नीरज कुमार विश्वकर्मा (झारखंड सरकार), श्री एस एल गुप्ता, श्री के डी गिरि, श्री पंकज पोद्दार, डॉ जे बी पाण्डेय, डॉ के सी श्रीवास्तव, डॉ उर्मिला सिंह, श्री अरुण कुमार, श्री ओ पी मिश्रा, श्री पी हाज़रा, श्री प्रशान्त कुमार (एआरओ) डीएवी छत्तीसगढ़ ज़ोन एवं डीएवी पब्लिक स्कूल झारखण्ड के सभी प्राचार्य उपस्थित थे।