- स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती पर विशेष
- वीर बुली महतो का अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष और काला पानी की सजा से बलिदान अतीत की कहानी नहीं, बल्कि स्वाभिमान, अधिकार और अन्याय के विरुद्ध लड़ने की अमर प्रेरणा है।
देवेंद्र नाथ महतो
भारत का स्वतंत्रता संग्राम केवल कुछ प्रसिद्ध नामों और बड़ी ऐतिहासिक घटनाओं तक सीमित नहीं है। इसकी वास्तविक गाथा उन अनगिनत वीरों के संघर्ष, बलिदान और साहस में निहित है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत, शोषण और अन्याय के विरुद्ध अपनी मातृभूमि के लिए सर्वस्व न्योछावर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश अनेक ऐसे महानायक इतिहास के मुख्य पन्नों से आज भी ओझल हैं।
इन्हीं विस्मृत क्रांतिकारी महापुरुषों में एक महत्वपूर्ण नाम है- आजादी के महानायक, कोल विद्रोह के अग्रणी नेता एवं स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो। 27 नवंबर 1785 को जन्मे वीर बुली महतो की 241वीं जयंती केवल एक महान क्रांतिकारी को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि इतिहास में उनके योगदान को उचित सम्मान दिलाने का संकल्प भी है।
कोल विद्रोह में अग्रणी भूमिका
1831-32 का कोल विद्रोह छोटानागपुर की धरती पर अंग्रेजी शासन, आर्थिक शोषण, जमीन छीनने, अत्यधिक लगान, साहूकारों और जमींदारों के उत्पीड़न तथा पारंपरिक व्यवस्था में हस्तक्षेप के विरुद्ध एक व्यापक जनसंघर्ष था। इस विद्रोह का विस्तार रांची, सिंहभूम और सीमावर्ती जंगल महल क्षेत्रों तक हुआ।
वीर बुली महतो तत्कालीन रांची जिले के पूर्वी क्षेत्र सिल्ली, तमाड़, सोनाहातू एवं आसपास के इलाकों में विद्रोह के अग्रणी नेतृत्वकर्ताओं में थे। उनका पैतृक गांव कोड़ाडीह, रांची जिला, सोनाहातू प्रखंड के लांडुपडीह पंचायत में स्थित था। उनके पिता का नाम कमल महतो था। वे क्षेत्र के प्रभावशाली समाज प्रमुख थे और अपने साहस, नेतृत्व एवं स्वाभिमान के लिए पहचाने जाते थे।
अंग्रेजी शासन के दमन के बावजूद बुली महतो ने संघर्ष जारी रखा। परिस्थितियों के कारण उन्हें सीमावर्ती जंगल महल की ओर आंदोलन का विस्तार करना पड़ा। वर्तमान पुरुलिया, झालदा, जयपुर और बागमुंडी जैसे क्षेत्रों में भी अंग्रेजी सत्ता और शोषण के विरुद्ध प्रतिरोध की परंपरा से उनका नाम जुड़ा मिलता है।
गंगा नारायण सिंह के भूमिज विद्रोह में सहयोग
1832 में जंगल महल के बाराभूम क्षेत्र में गंगा नारायण सिंह के नेतृत्व में भूमिज विद्रोह शुरू हुआ। इस संघर्ष में बुली महतो के सहयोग का उल्लेख इतिहासकार डॉ. बीर बिरोटम की पुस्तक झारखंड इतिहास एवं संस्कृति में संदर्भित बताया जाता है।
यह प्रसंग उस दौर के क्रांतिकारी नेतृत्व के बीच सहयोग और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध व्यापक प्रतिरोध की भावना को दर्शाता है। ब्रिटिश प्रशासन ने बुली महतो को विद्रोह की कई घटनाओं में प्रमुख अभियुक्त माना। उनके संघर्ष की स्थानीय ऐतिहासिक स्मृति आज भी क्षेत्र में मौजूद है।
अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष और काला पानी की सजा से बलिदान
वीर बुली महतो ने छोटानागपुर के पठारी क्षेत्र में शोषित-वंचित लोगों के जमीन और अधिकारों की रक्षा, राजस्व शोषण तथा साहूकारों के उत्पीड़न के विरुद्ध विद्रोह में अहम भूमिका निभायी। अपनी बहादुरी, नेतृत्व क्षमता और जुझारूपन से उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी। ब्रिटिश शासन ने उन्हें कोल विद्रोह और भूमिज विद्रोह की कई घटनाओं का प्रमुख अभियुक्त मानते हुए विद्रोही घोषित कर दिया।
बाराभूम परगना के दीवान माधव सिंह की हत्या के मामले में उन पर गंभीर आरोप लगाये गये तथा उन्हें जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए इनाम घोषित किये जाने का विवरण मिलता है। ब्रिटिश पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने के बाद वीर बुली महतो को काला पानी की कठोर सजा देकर अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह भेज दिया गया, जहां 14 जून 1834 को उन्होंने अपने जीवन का अंतिम बलिदान दिया।
अंग्रेजी हुकूमत के दमन और कठोर दंड के बावजूद उनका संघर्ष, साहस और स्वाभिमान इतिहास में प्रतिरोध की अमर गाथा बनकर जीवित है। वीर बुली महतो का बलिदान हमें सिखाता है कि स्वतंत्रता, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले महानायक कभी इतिहास से मिटाये नहीं जा सकते।
इतिहास संरक्षण की पहल और राष्ट्रीय पहचान
इतिहास को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों को वीर बुली महतो की गौरवगाथा से परिचित कराने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2025 को उनके पैतृक गांव कोड़ाडीह जाने वाले मुख्य मार्ग पर सोनाहातू के भकुआडीह मोड़ में पहली बार वीर बुली महतो की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित की गयी। यह पहल इतिहास के विस्मृत महानायक को सम्मान और पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनकी 241वीं जयंती महोत्सव-2026 का आयोजन 1 दिसंबर 2026 को सोनाहातू की ऐतिहासिक धरती पर किया जा रहा है। मौके पर झारखंड के संतोष कुमार गंगवार और डुमरी विधायक डॉ जयराम कुमार महतो की गरिमामयी उपस्थिति पांच परगना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक गौरव का विषय है।
इतिहास का पुनर्मूल्यांकन जरूरी
झारखंड की धरती ने अनेक महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी पैदा किये, लेकिन उनमें से कई आज भी राष्ट्रीय इतिहास में अपेक्षित स्थान पाने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वीर बुली महतो भी उन्हीं महानायकों में शामिल हैं। उनके जीवन और संघर्ष पर गंभीर शोध, ऐतिहासिक अभिलेखों का संकलन तथा पाठ्यक्रमों में उनके योगदान को स्थान देने की आवश्यकता है।
उनकी 241वीं जयंती पर हमारा संकल्प होना चाहिए कि इतिहास के ऐसे विस्मृत नायकों की गौरवगाथा गांव की चौपाल से लेकर देश के विश्वविद्यालयों और राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचे। वीर बुली महतो का संघर्ष केवल अतीत की कहानी नहीं, बल्कि स्वाभिमान, अधिकार और अन्याय के विरुद्ध लड़ने की अमर प्रेरणा है।