त्रिवेणी दास
एबीएन एडिटोरियल डेस्क। आराम हराम है की लोकोक्ति हम सभी के दिमाग में घर बनाये हुए है। जैसे ही आराम करने की बात मन में आती है तो एक अपराधबोध की अनुभूति होती है और ऐसा लगने लगता है कि हम अपने उद्देश्य के प्राप्ति और संसार के प्रतिस्पर्धा में पीछे छूट जायेंगे। यह अपराधबोध हमें चैन से रहने नहीं देता है। शरीर एवं बुद्धि से उसकी क्षमता से अधिक कार्य लिए जाने के कारण दोनों थक कर कार्य करने से मना करने लगते हैं।
आराम एवं आलस्य में जमीन आसमान का अंतर है। काम को टालते रहने आगे और कल पर छोड़ने की बुरी आदत को आलस्य कहा जाता है। आराम यदि हराम होता तो प्रकृति हमें नींद क्यों देती? यदि एक रात किसी कारण बस अच्छी नींद नहीं आयी, तो दूसरे दिन उसका नकारात्मक प्रभाव संपूर्ण व्यक्तित्व के ऊपर अनुभव में आता है।
हम अपने अंदर एक ऐसा मैनेजर को नियुक्त किये हुए होते हैं, जो हमें एक पहरेदार की तरह हमें लगातार काम करने, अधिक से अधिक परिश्रम करने, अनियंत्रित गति से आगे बढ़ने और हर किसी को पीछे छोड़ देने के लिए सचेत करते रहता है। सवाल है कि अपने खुद के आजादी के नाम पर कहीं यह खुद का शोषण तो नहीं है?
जैसे रात्रि में नींद आवश्यक है ठीक वैसे ही कार्य के मध्य में आराम भी जरूरी है। प्रकृति का नियम है कि परिणाम की अवधि सुनिश्चित होती है। उत्साह, उमंग और अतिरिक्त ऊर्जा हमें तात्कालिक रूप से आराम ही देता है। मेडिकल साइंस भी इस बात को स्वीकार कर रहा है कि आराम यथेष्ठ कार्य परिणाम के लिए अति आवश्यक है।