- गलती करना बुरा नहीं है, बल्कि गलती को न सुधारना बुरा है
जयनारायण प्रसाद
एबीएन एडिटोरियल डेस्क। इसका मूल भाव समझ में आना चाहिए कि समाज और विश्व में सकारात्मक बदलाव तभी आता है, जब व्यक्ति सबसे पहले स्वयं के विचार, व्यवहार, चरित्र और आचरण में सही सुधार लाता है।गलती होना बुरा नहीं है, बल्कि गलती को न सुधारना बुरा है। इसकी शुरूआत स्वयं से करनी चाहिए। व्यक्ति समाज से अलग नहीं है, स्वयं में सुधार होने पर उसका प्रभाव परिवार और समाज पर भी पड़ता है।
केवल उपदेश देने के बजाय अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करना दूसरों को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।इस प्रकार विचार और भावनाएं सुधरने पर जीवन व व्यवहार दोनों बदलते हैं। आत्मसुधार से अपनी समस्याओं का समाधान होने के साथ-साथ समाज का नैतिक स्तर ऊंचा उठता है। ऐसा इतिहास व धर्म क्षेत्र में व्यक्ति के जीवन से अनेकानेक दृष्टांत उद्धरण मिलते हैं। कहा गया है कि गलती करना बुरा नहीं है, बल्कि गलती को न सुधारना बुरा है। संसार के महान पुरुषों ने भी अनेक तरह की गलतियां की हैं।
वाल्मीकि रत्नाकर डाकू से महर्षि बन गये, कलिंग युद्ध से प्रभावित होकर सम्राट अशोक बौद्ध धर्म अपना लिए, अंगुलिमाल एक खूंखार हिंसक से महात्मा बुद्ध के संपर्क में शिष्य बनकर धर्मशील भिक्षुक बन गये। तुलसीदास की पत्नीमोह व आसक्ति में उसकी एक फटकार या सलाह से जीवन दिशा बदल गयी एवं श्रीराम की भक्ति में लीन हो गये।
संत सूरदास एक नर्तकी से अंध प्रेम भक्ति से उबरकर अपने कर्तव्य व मर्यादा में सुधार से कृष्ण भक्ति में लीन होकर अद्भुत भजन-कीर्तन में जुड़कर निहाल हो गए। कहा गया है कि हर परिवर्तन की शुरुआत अपनी गलतियों को स्वीकार करने और संस्कार सुधार व मार्गदर्शक सत्ता से मिलने पर जीवन धारा ही बदल जाती है। अयोग्यता, मूर्खता, निर्बलता, निराशा, असभ्यता, उद्दंडता एवं आलस्य भी ऐसे अनेक हैं; जिनका परिणाम पाप के ही समान और कई बार उससे भी अधिक दु:खदायी होता है।
स्मरण रखना चाहिए कि एक गलती को सुधारकर हम किसी-न-किसी क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।यदि हम आज किन्हीं कठिनाइयों में हैं, तो इसका कारण ईश्वर नहीं, वरन अपने ही कुछ दोष हैं। स्वयं को सुधारने के बाद इन महापुरूषों ने अपनी ऊर्जा अपने परिवार व समाज के सुधार व उत्थान में लगायी। अत:सद्गुरु व सही मार्गदर्शक का साथ, सत्संग व्यक्ति के व्यक्तित्व की दिशा पूरी तरह बदल सकता है। (लेखक गायत्री परिवार के झारखंड प्रदेश प्रचार-प्रसार प्रमुख हैं।)