- सामाजिक सुरक्षा कवच...
त्रिवेणी दास
समाज में रहना मनुष्य की प्रकृति है और कहा भी गया है कि मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है। हर व्यक्ति एवं परिवार का एक समाज होता ही है चाहे उसके समाज का आकर जैसा भी हो। हर एक व्यक्ति एवं परिवार के जीवन में कुछ ऐसे विशेष समय आते हैं जब समाज के सहयोग के बिना काम नहीं चलता है।
समाज विशेष की अपनी विशेष संस्कृति उस समाज के प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार के विचारों को प्रभावित करती है। स्वार्थी, संकुचित विचारधारा, अनुशासनहीनता और अमर्यादित व्यक्तियों से स्वस्थ समाज का निर्माण नहीं किया जा सकता है, जबकि व्यक्तित्व का निर्माण एवं विकास एक संवेदनशील तथा श्रेष्ठ संस्कृति से युक्त समाज में ही संभव हो पता है।
स्वस्थ समाज में सामूहिक आकांक्षा सबसे महत्वपूर्ण वास्तु होती है। जिस किसी समाज में स्वेच्छाचारी तथा स्वैच्छिक आकांक्षा के ऊपर अंकुश लगाने की व्यवस्था एवं नियम नहीं होते हैं वह समाज दिशाहीन होकर अपने मार्ग से भटक जाता है।
अपने व्यक्तिगत हितों के लिए किए जा रहे कार्यों के कारण उत्पन्न सभ्यता एवं संस्कृति से समाज के सार्वजनिक हित की कल्पना नहीं की जा सकती है। व्यक्तिगत विकास के लाभ का कुछ अंश समाज को मिलता रहे तो वही अंश बाद में कई गुना होकर वापस सामाजिक सुरक्षा कवच के रूप में प्राप्त होती है।