पवन कुमार पाण्डेय
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। एक पिता के जीवन का सबसे बड़ा और अनमोल पल वह होता है, जब वह अपनी आंखों के सामने अपने बेटे को अपने ही नक्शेकदम पर चलकर दुनिया जीतते हुए देखता है। भारतीय क्रिकेट के मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग ने कभी पाकिस्तान की धरती पर तिहरा शतक जड़कर पाकिस्तानी गेंदबाजों के पसीने छुड़ा दिये थे और आज उनके बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप 2026 में वही ऐतिहासिक कारनामा दोहराकर अपने पिता का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है।
ओमान में खेले गये इस पूरे अंडर-19 एशिया कप में आर्यवीर सहवाग का बल्ला किसी तोप की तरह गरजा है। फाइनल के महामुकाबले में जब भारत के सामने 338 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य था, तब आर्यवीर ने ही 58 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर कप्तान लक्ष्य के साथ पहले विकेट के लिए 95 रनों की मजबूत बुनियाद रखी थी।
पूरे टूर्नामेंट में अपनी इसी विस्फोटक और निरंतर बल्लेबाजी की बदौलत आर्यवीर सहवाग को मैन आॅफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। फाइनल की उस सांसें रोक देने वाली जीत के बाद जब आर्यवीर ने मैदान से ही वीडियो कॉल पर अपने पिता वीरेंद्र सहवाग से बात की, तो बाप-बेटे की उस बातचीत ने करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया।
चेहरे पर जीत की चमक लिए आर्यवीर ने अपने पिता को बताया कि जब आखिरी ओवर में मैच फंसा हुआ था और भारत के 9 विकेट गिर चुके थे, तब डगआउट में बैठे-बैठे उनकी धड़कनें इतनी तेज थीं कि आखिरी पलों में वे बस आंखें बंद करके लगातार सीताराम-सीताराम का जाप कर रहे थे। इस बातचीत का सबसे दिलचस्प और गर्व कराने वाला किस्सा तब सामने आया जब आर्यवीर ने बताया कि मैदान पर उनका खौफ और क्रेज किस कदर सिर चढ़कर बोल रहा था।
आर्यवीर ने हंसते हुए अपने पापा से कहा कि जब वे पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई कर रहे थे, तो स्टेडियम में बैठे पाकिस्तानी दर्शक भी उनके शॉट्स के कायल हो गये थे और बाउंड्री लाइन के पास से सहवाग-सहवाग चिल्लाकर उन्हें सपोर्ट कर रहे थे। जरा सोचिये, जिस सहवाग नाम ने दो दशक पहले शोएब अख्तर से लेकर सकलैन मुश्ताक तक की नींद उड़ा रखी थी, आज उसी नाम की गूंज एक बार फिर पाकिस्तानी खेमे के कानों में गूंज रही है।
फर्क सिर्फ इतना है कि कल बल्ला पिता के हाथ में था और आज कमान बेटे ने संभाल ली है। डीएनए में ही जब पहली गेंद से बाउंड्री पार पहुंचाने का निडर जज्बा हो, तो फिर सामने कोई भी टीम टिक नहीं सकती। सीनियर सहवाग से लेकर जूनियर सहवाग तक का यह सफर भारतीय क्रिकेट के सुनहरे भविष्य की सबसे खूबसूरत तस्वीर है।