Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 18
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
विचार

छठ : आस्था के अर्घ्य में लोक-संस्कृति और जीवन-दर्शन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
छठ : आस्था के अर्घ्य में लोक-संस्कृति और जीवन-दर्शन
विज्ञापन

डॉ बृज किशोर पाण्डेय  

एबीएन एडिटोरियल डेस्क। सूर्योपासना का यह महापर्व लोकगीतों और परंपराओं के माध्यम से आत्मसंयम, स्त्री-सम्मान, सामाजिक समरसता तथा प्रकृति के साथ सहअस्तित्व का संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में पर्व-त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन-मूल्यों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित करने के सांस्कृतिक माध्यम भी हैं। छठ इसका अनुपम उदाहरण है। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और उदीयमान सूर्य का अभिनंदन करने वाला यह महापर्व आस्था के साथ-साथ कृतज्ञता, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक सहभागिता की ऐसी परंपरा है, जिसमें लोकजीवन का दर्शन समाहित है। 

इसकी विशेषता यह है कि यहां प्रकृति उपास्य है, श्रम पूजनीय है और सामूहिकता उत्सव का आधार है। छठ से जुड़ी अनेक पौराणिक कथाएं और लोकमान्यताएं प्रचलित हैं। कहीं षष्ठी देवी की उपासना का प्रसंग मिलता है, तो कहीं राजा प्रियव्रत, सूर्यपुत्र कर्ण, भगवान कृष्ण के पुत्र सांब, माता सीता और द्रौपदी से जुड़ी कथाएं सुनाई जाती हैं। रामायण और महाभारत की परंपराओं से जुड़े इन आख्यानों के अलग-अलग लोकस्वरूप हैं। 

इनकी ऐतिहासिक प्रामाणिकता पर एकमत होना आवश्यक नहीं, लेकिन ये छठ की समृद्ध सांस्कृतिक स्मृति और सूयोर्पासना की व्यापक परंपरा को अवश्य रेखांकित करते हैं। छठ का वास्तविक वैभव केवल इन धार्मिक आख्यानों में नहीं, बल्कि उन लोकगीतों में भी है, जिनमें पीढ़ियों का अनुभव, स्त्रियों की संवेदना और प्रकृति के प्रति मनुष्य की कृतज्ञता स्वर पाती है। 

कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाये में लोकशिल्प और श्रम की छवि है, तो केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल में प्रकृति और सूर्योपासना का सुंदर समन्वय। रुनकी-झुनकी बेटी मांगिला जैसे गीतों में बेटी के प्रति स्नेह और उसके मंगल की कामना अभिव्यक्त होती है। ये गीत छठ को केवल पूजा-पद्धति नहीं रहने देते, बल्कि उसे लोकजीवन की जीवंत सांस्कृतिक अभिव्यक्ति बना देते हैं। 

आत्मसंयम, स्वावलंबन और स्त्री-सम्मान की परंपरा 

छठ का पहला संदेश आत्मसंयम और अनुशासन का है। नहाय-खाय से आरंभ होकर खरना, निर्जला व्रत और अर्घ्य तक की पूरी प्रक्रिया संकल्प, धैर्य और आत्मनियंत्रण की परीक्षा लेती है। इस पर्व में पवित्रता और नियमों का विशेष आग्रह है। यहां आस्था केवल मन का भाव नहीं रहती, बल्कि वह व्यक्ति के आचरण में प्रकट होती है। छठ सिखाता है कि किसी भी सार्थक उद्देश्य की प्राप्ति के लिए संकल्प और अनुशासन अनिवार्य हैं। 

इसका दूसरा संदेश स्वावलंबन और आडंबरहीनता का है। छठ में पुरोहित की अनिवार्यता नहीं होती। व्रती स्वयं पूजा की तैयारी करते हैं, प्रसाद बनाते हैं और सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। बांस के सूप, डाला, स्थानीय फल और अन्य प्राकृतिक सामग्री का प्रयोग इस पर्व को लोकशिल्प तथा स्थानीय जीवन से जोड़ता है। यहां धन-वैभव के प्रदर्शन की अपेक्षा शुद्ध भावना और व्यक्तिगत सहभागिता को महत्त्व मिलता है। 

उपासना का यह स्वरूप धार्मिक स्वायत्तता और समान अधिकार की भावना को भी पुष्ट करता है। छठ का तीसरा संदेश स्त्री-सम्मान और उसकी सामाजिक भूमिका की पहचान है। षष्ठी को लोकपरंपरा में मातृशक्ति के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। छठ के लोकगीतों में पुत्र के साथ पुत्री की कामना और उसके मंगल की अभिव्यक्ति भी मिलती है। 

परिवार के कल्याण के लिए स्त्रियों का कठिन व्रत उनके धैर्य, संकल्प और समर्पण का परिचायक है। हालांकि पुरुष भी इस व्रत को करते हैं, फिर भी इसकी परंपरा में स्त्रियों की केंद्रीय भूमिका उल्लेखनीय है। लेकिन स्त्री-सम्मान केवल उसके त्याग और तपस्या की प्रशंसा तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उसकी इच्छा, स्वतंत्रता, निर्णय-क्षमता और समान अधिकारों को स्वीकार करना ही इस परंपरा के संदेश को वास्तविक जीवन में उतारना होगा। 

सामाजिक समरसता और प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व 

छठ का चौथा संदेश सामाजिक समरसता और सहभागिता का है। इस पर्व में जाति, वर्ग और आर्थिक हैसियत की दीवारें अपेक्षाकृत कमजोर पड़ती दिखाई देती हैं। घाटों की सफाई से लेकर पूजा की व्यवस्था तक विभिन्न समुदायों के लोग मिलकर योगदान करते हैं। प्रसाद के आदान-प्रदान और सामूहिक उपासना से सामाजिक निकटता बढ़ती है। 

यहां धन-संपत्ति से अधिक महत्त्व श्रद्धा और सहभागिता का है। छठ के अवसर पर दूर-दराज के शहरों में रहने वाले लोग भी अपने गांव, घर और मिट्टी की ओर लौटते हैं। इस तरह यह पर्व बिखरते पारिवारिक और सामाजिक संबंधों को फिर से जोड़ने का अवसर बनता है। इसकी सामूहिकता हमें याद दिलाती है कि सामाजिक एकता किसी उपदेश से नहीं, साझा सहभागिता से मजबूत होती है। 

पांचवां संदेश स्वच्छता और नागरिक उत्तरदायित्व का है। छठ में स्वच्छता किसी बाहरी अभियान का नारा नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था का अभिन्न अंग है। प्रसाद बनाने वाले घर से लेकर पूजा के घाट तक सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। नदी, तालाब और सार्वजनिक स्थलों की सफाई में सामूहिक भागीदारी दिखाई देती है। यह परंपरा बताती है कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। 

लेकिन जिस जल में खड़े होकर हम सूर्य को अर्घ्य देते हैं, उसी जल को प्रदूषित करना हमारी आस्था के विपरीत है। इसलिए छठ की स्वच्छता केवल पर्व के कुछ दिनों तक सीमित न रहकर जलाशयों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति स्थायी प्रतिबद्धता में बदलनी चाहिए। छठ का छठा और सबसे व्यापक संदेश प्रकृति के साथ मनुष्य के साहचर्य का है। इस पर्व में सूर्य, जल, धरती, अन्न और वनस्पति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। 

सूर्य के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं और जल के बिना सृष्टि का अस्तित्व नहीं। फिर भी आधुनिक मनुष्य ने विकास की दौड़ में प्रकृति को उपभोग की वस्तु मान लिया है। छठ इस दृष्टि को बदलने का अवसर देता है। यह हमें सिखाता है कि प्रकृति पर हमारा अधिकार नहीं, बल्कि उसके प्रति उत्तरदायित्व है। सूर्य को अर्घ्य देना वस्तुत: उस जीवनदायी शक्ति के प्रति विनम्र कृतज्ञता है, जिस पर समूची सृष्टि निर्भर है। 

अर्घ्य सूर्य को, संकल्प जीवन के लिए 

छठ की सार्थकता केवल चार दिनों के अनुष्ठान में नहीं, बल्कि उन जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने में है, जिन्हें यह पर्व हमारे सामने रखता है। यदि हम व्रत में अनुशासन का पालन करते हैं, तो सामान्य जीवन में भी संयम और कर्तव्यनिष्ठा दिखनी चाहिए। यदि घाट पर सामाजिक भेदभाव गौण हो जाता है, तो रोजमर्रा के व्यवहार में भी समानता का भाव होना चाहिए। 

यदि पूजा के लिए जलाशयों की सफाई करते हैं, तो पूरे वर्ष उनकी निर्मलता की चिंता भी करनी चाहिए। और यदि सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, तो प्रकृति के संरक्षण को अपना दायित्व भी मानना चाहिए। छठ में उगते सूर्य के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को भी समान श्रद्धा से अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा अपने आप में गहरा जीवन-दर्शन समेटे हुए है। 

यह हमें सिखाती है कि सम्मान केवल सफलता, शक्ति और उत्कर्ष का नहीं, संघर्ष, अवसान और जीवन के कठिन दौर का भी होना चाहिए। जो समाज केवल उगते सूर्य को प्रणाम करता है, वह छठ के इस व्यापक संदेश को पूरी तरह नहीं समझ सकता। छठ में हाथ सूर्य की ओर उठते हैं, लेकिन उसकी सार्थकता धरती पर हमारे आचरण से तय होती है। सूर्य को अर्घ्य देना आस्था है, लेकिन उनके प्रकाश में अपने भीतर और समाज के अंधकार को दूर करना ही छठ का वास्तविक जीवन-दर्शन है।

विज्ञापन