एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 80.15 रुपये पर आ गया। विदेश में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते यह गिरावट हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 80.10 पर खुला। बाद में और गिरावट दर्ज करते हुए 80.15 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 31 पैसे की कमजोरी को दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले 79.84 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.51 प्रतिशत बढ़कर 109.35 पर आ गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि फेडरल रिजर्व द्वारा महंगाई दर से निपटने के लिए सख्त रुख अपनाने की बात कहने के बाद डॉलर में मजबूती आई। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.86 प्रतिशत बढ़कर 101.86 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 51.12 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बाजार खुलने के साथ ही रुपये में 26 पैसे की गिरावट देखी गई। शुरुआती कारोबार में रुपया 80.10 रुपये पर दर्ज किया गया, लेकिन बाद में यह गिरावट 31 पैसे पर पहुंच गई और रुपया डॉलर के मुकाबले 80.10 रुपये पर पहुंच गया।