Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
हेल्थ

विदेश जाना हो, तो 28 दिन बाद लगा सकते हैं कोविशील्ड का दूसरा डोज

विदेश जाना हो, तो 28 दिन बाद लगा सकते हैं कोविशील्ड का दूसरा डोज
विज्ञापन
नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने कोविशील्ड वैक्सीन लगवाने वाले नागरिकों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत अब आप 28 दिन बाद भी इसकी दूसरी डोज लगवा सकते हैं। लेकिन इसके लिए एक शर्त पूरी करनी होगी। शर्त ये है कि सिर्फ विदेश यात्रा पर जाने वाले लोग ही पहली खुराक के 28 दिन बाद कभी भी कोविशील्ड की दूसरी डोज लगवा सकते हैं। हालांकि, सामान्य तौर पर कोविशील्ड के लिए केंद्र सरकार ने पहली डोज और दूसरी डोज के बीच 12 से 16 हफ्ते का गैप रखा है। नई गाइडलाइन में कहा गया है कि विदेश यात्रा के लिए सिर्फ कोविशील्ड वालों को ही वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट दिया जायेगा। इस सर्टिफिकेट पर पासपोर्ट नंबर का भी जिक्र होगा। भारत की दूसरी वैक्सीन कोवैक्सीन इसके लिए क्वॉलिफाई नहीं कर रही है। यह गाइडलाइन उन लोगों के लिए जारी की गई है जो 18 साल से ज्यादा उम्र के हैं और 31 अगस्त तक विदेश यात्रा पर जाना चाहते हैं। इसमें पढ़ाई के लिए विदेश जा रहे स्टूडेंट्स, नौकरी के लिए विदेश जा रहे लोग, तोक्यो ओलिंपिक्स गेम्स में शामिल खिलाड़ी और उनके साथ जाने वाला स्टाफ शामिल है। ये व्यवस्था केवल इन्हीं के लिए की गई है। वैसे तो कोविशील्ड की दो डोज के बीच 12 से 16 हफ्ते का गैप का नियम है, लेकिन इस कैटेगरी में विदेश जाने वालों को जल्द ही दूसरी डोज लग सकती है। अथॉरिटी देखेगी कि पहली डोज को लगे हुए 28 दिन हो गए हैं या नहीं। जल्द ही इस कैटेगरी में विदेश जाने वालों के लिए ये खास व्यवस्था कोविन प्लेटफॉर्म पर भी दिखाई देगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 की वैक्सीन लगवाने के लिए जरूरी फोटो आईडी में यूनीक डिसैबिलिटी आईडी कार्ड (यूडीआइडी) को भी शामिल करने का निर्देश दिया है। मालूम हो कि वैक्सीन लगवाने के लिए किसी भी मोड से रजिस्ट्रेशन कराने से पहले पहचान पत्र दिखाना होता है। ऐसे में दिव्यांग अब यूडीआईडी दिखाकर टीकाकरण का लाभ ले सकते हैं।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 29,385