Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 19
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
हेल्थ

योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए योगाचार्य महेश पाल को मिला एलुमनी अवार्ड 2026

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए  योगाचार्य महेश पाल को मिला एलुमनी अवार्ड 2026
विज्ञापन
  • योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए  योगाचार्य महेश पाल को मिला एलुमनी अवार्ड 2026
  • देव संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार में अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित भव्य समारोह में देश-विदेश की प्रतिभाओं के बीच किया गया सम्मानित
  • योग एवं योगासन खेल के क्षेत्र में निरंतर योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान

एबीएन सोशल डेस्क। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में अखंड दीप के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भव्य एलुमनी अवार्ड 2026 सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 

 गरिमामय समारोह में योगाचार्य महेश पाल को योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए एलुमनी अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान योग, शिक्षा, सामाजिक सेवा, संस्कृति, विज्ञान, चिकित्सा, साहित्य, पर्यावरण, युवा विकास एवं विभिन्न अन्य क्षेत्रों में देश-विदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रदान किया जाता है। इस प्रतिष्ठित मंच पर गुना के योगाचार्य का सम्मानित होना जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पांड्या, स्वामी निखिलेश्वरानंद, स्वामी यतींद्रगिरि महाराज, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके तथा उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सहित अनेक संत-महात्मा, विशिष्ट अतिथि एवं देश-विदेश से आए गणमान्य व्यक्ति प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रतिष्ठित अतिथियों की उपस्थिति में प्रदान किया गया यह सम्मान योगाचार्य महेश पाल के वर्षों के समर्पण, साधना एवं सामाजिक योगदान का महत्वपूर्ण प्रतिफल है।

योगाचार्य महेश पाल पिछले कई वर्षों से योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनका विशेष प्रयास बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों को योग और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना है। वे नियमित योग शिविरों, प्रशिक्षण सत्रों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। 

उनका मानना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और अनुशासित जीवन का वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक माध्यम है। योग के साथ-साथ योगासन खेल को प्रोत्साहित करने में भी महेश पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे वर्तमान में  वे  राष्ट्रीय स्तर पर योगासन प्रतियोगिताओं में नेशनल योगासन जज (टेक्निकल ऑफिशियल) की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

उनके मार्गदर्शन में बच्चों एवं युवा खिलाड़ियों को योगासन खेल का प्रशिक्षण देकर जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। योगासन खेल की गतिविधियों को संगठित एवं प्रोत्साहित करने में भी उनका विशेष योगदान रहा है।

उनकी उपलब्धियों में राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका, 21 हजार सूर्य नमस्कार के लिए सम्मान, महर्षि पतंजलि योग रत्न अवार्ड तथा स्वामी विवेकानंद योग यूथ आइकॉनिक अवार्ड जैसी उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। योग के क्षेत्र में उनके कार्यों को विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों द्वारा समय-समय पर सराहा गया है। इसके साथ ही वे योग विषय में शोध कार्य भी कर रहे हैं, जिसके माध्यम से जीवनशैली जनित विकारों एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में योग की वैज्ञानिक उपयोगिता को समझने और स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।

महेश पाल का विशेष जोर बच्चों और युवाओं को बचपन से ही योग एवं स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करने पर है। वे विद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से योग प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं, ताकि योग का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उनका प्रयास है कि योगासन खेल के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की प्रतिभाओं को समान अवसर मिले और वे अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित कर सकें।

देव संस्कृति विश्वविद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर के गरिमामय समारोह में मिला एलुमनी अवार्ड 2026 न केवल योगाचार्य महेश पाल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि  इस सम्मान से योग के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों को नई पहचान मिली है तथा आने वाले समय में युवाओं को योग, स्वास्थ्य एवं योगासन खेल से जोड़ने के उनके संकल्प को और अधिक प्रेरणा मिलेगी।

विज्ञापन