योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए देव संस्कृति विश्वविद्यालय करेगा सम्मानित
21 नवंबर को हरिद्वार उत्तराखंड में आयोजित समारोह में किया जायेगा सम्मानित
योग शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और योगासन खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को मिली राष्ट्रीय पहचान
एबीएन सोशल डेस्क। योग, स्वास्थ्य , योगासन खेल एवं समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाले योगाचार्य महेश पाल को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार (उत्तराखंड) द्वारा प्रतिष्ठित देव संस्कृति एलुमनी अवार्ड 2026 के लिए चयनित किया गया है। उन्हें यह सम्मान 21 नवंबर 2026 को देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार उत्तराखंड में आयोजित समारोह में प्रदान किया जायेगा। विश्वविद्यालय के देव संस्कृति एलुमनी एसोसिएशन द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान उन्हें दिया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र, योग, समाज सेवा एवं विश्वविद्यालय के मूल्यों के अनुरूप उल्लेखनीय योगदान दिया है।
योगाचार्य महेश पाल का चयन योग, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए किया गया है। उन्होंने योग को केवल शारीरिक अभ्यास तक सीमित न रखते हुए उसे स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया है।
उनके मार्गदर्शन में गायत्री मंदिर में नियमित योग कक्षाओं, विशेष योग शिविरों, विद्यालयों में योग प्रशिक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को योग से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। योगाचार्य महेश पाल योग शिक्षा में एमए हैं तथा पीएचडी शोध कार्य कर रहे हैं। वे नेशनल योगासन जज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिताओं में निर्णायक (जज एवं टेक्निकल आॅफिशियल) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्ष 2026 में आॅल इंडिया पुलिस गेम्स की राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता, मधुबन (हरियाणा) में उन्हें योगासन प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में चयनित किया गया। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता, महाराष्ट्र तथा विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने निर्णायक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है।
योग के प्रचार-प्रसार एवं विशिष्ट उपलब्धियों के लिए उन्हें पूर्व में महर्षि पतंजलि योग रत्न अवार्ड, स्वामी विवेकानंद योग यूथ आइकॉनिक अवार्ड अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ दिल्ली द्वारा प्रदान किया जा चुका है और विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। 21,000 सूर्य नमस्कार के विशेष आयोजन में उल्लेखनीय योगदान के लिए भी उन्हें सम्मान प्राप्त हुआ है। योगासन खेल को जिले के बच्चों और युवाओं तक पहुंचाने के लिए भी वे निरंतर प्रयासरत हैं।
योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में सहभागिता और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। योगाचार्य महेश पाल द्वारा रोगानुसार योग प्रशिक्षण, प्राणायाम, ध्यान, योग निद्रा तथा जीवनशैली सुधार के माध्यम से मोटापा, थायराइड, पीसीओडी, तनाव एवं अन्य जीवनशैली जनित समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उनका मानना है कि नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या के माध्यम से व्यक्ति अपने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है। देव संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होना न केवल योगाचार्य महेश पाल की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि योग जगत, योग शिक्षकों, खिलाड़ियों और योग के माध्यम से स्वस्थ समाज निर्माण में जुटे सभी लोगों के लिए भी गौरव का विषय है।