रिम्स के न्यूरोसर्जरी विभाग की बड़ी उपलब्धि
टीम एबीएन, रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के न्यूरोसर्जरी विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। धनबाद की सोनिया खातून (42) (न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस एवं ओलिगो डेंड्रोग्लियोमा ब्रेन ट्यूमर का एक प्रकार से पीड़ित) के ब्रेन ट्यूमर का सफल आॅपरेशन किया गया। मरीज को कई अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी थीं, जिसके कारण एनेस्थीसिया देना और आॅपरेशन की तैयारी करना काफी चुनौतीपूर्ण था।
मरीज की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आॅपरेशन से पहले समुचित चिकित्सकीय मूल्यांकन के लिए विभिन्न विभागों से परामर्श एवं आवश्यक क्लीयरेंस प्राप्त किया गया। यह उपलब्धि सटीक सर्जिकल योजना, चिकित्सकीय दक्षता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है।
न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ आनंद प्रकाश के नेतृत्व में न्यूरोसर्जरी टीम ने मस्तिष्क में लगभग एक इंच का चीरा लगाकर ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकालने की सर्जरी की। इस आॅपरेशन में न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. नारायण एवं डॉ. कुमार दीपक शामिल थे, जबकि एनेस्थीसिया टीम में डॉ. मुकेश, डॉ. राजेश, डॉ. वशिष्ठ, डॉ. क्षितिज एवं डॉ. अधिश्री ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। मरीज की जटिल चिकित्सकीय स्थिति के बावजूद इस चुनौतीपूर्ण आॅपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न करने में न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
फिलहाल मरीज डॉक्टरों की करीबी निगरानी में हैं। उम्मीद है कि स्वास्थ्य में सुधार के साथ वे शीघ्र ही अपनी सामान्य दैनिक गतिविधियां दोबारा शुरू कर सकेंगी। रिम्स रांची झारखंड के मरीजों को उन्नत एवं अत्याधुनिक न्यूरोसर्जिकल उपचार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।