एबीएन डेस्क। पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में भी एक बार फिर कोविड-19 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। खासतौर पर महाराष्ट्र राज्य में ये जानलेवा बीमारी अपना कहर सबसे ज्यादा बरपा रही है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 26,538 नये मामले सामने आए जबकि आठ मरीजों की बीमारी से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नये मामले पिछले दिन की तुलना में 43.71 प्रतिशत बढ़ गए। वहीं पिछले 72 घंटों में मुंबई में 200 से अधिक आवासीय डॉक्टरों को कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से संक्रमित पाया गया। सूत्रों के अनुसार मुंबई में कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये 200 डॉक्टरों के साथ पूरे राज्य में संक्रमित डॉक्टरों की संख्या 291 पार कर गयी है। मुंबई के साथ दिल्ली, कोलकाता, पटना, चंडीगढ़, लखनऊ और पटियाला में बड़ी संख्या में चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ कोरोना से संक्रमित मिला है। देशभर में अब तक 1000 से ज्यादा डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ कोरोना पॉजिटिव हो चुका है। देश में कोरोना की दूसरी लहर भयानक थी। इस दौरान भी डॉक्टरों पर इसका कहर बरपा और करीब 2000 डॉक्टरों ने इस घातक बीमारी के चलते अपनी जान गंवाई। आईएमए ने दूसरी लहर के दौरान डॉक्टरों की मौत के आंकड़े जारी किए। कटअ के मुताबिक जनता में मृत्यु दर की तलना में हेल्थ वर्कर्स में मृत्युदर ज्यादा है। यही नहीं दूसरी लहर में करीब 10 हजार डॉक्टर संक्रमित हुए थे। सबसे बड़ी चिंता वाली बात यह है कि हेल्थकेयर वर्कर्स ही कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि ओमीक्रोन वेव में डेली केसेज की संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग को तैयारी भी पहले की तुलना में ज्यादा रखनी होगी। ऐसे वक्त में स्वास्थ्य कर्मियों का खुद कोरोना पॉजिटिव होना बड़े खतरे का संकेत है। इससे आगे चलकर हेल्थकेयर स्टाफ की कमी पड़ सकती है। वहीं भारत में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन के एक दिन में सर्वाधिक 495 नए मामले सामने आए, जिससे इस स्वरूप से संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर 2,630 हो गयी है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकडों में यह जानकारी दी गयी। ओमीक्रोन स्वरूप के कुल मामलों में से महाराष्ट्र में सबसे अधिक 797 मामले सामने आए, इसके बाद दिल्ली में 465, राजस्थान में 236, केरल में 234, कर्नाटक में 226, गुजरात में 204 और तमिलनाडु में 121 मामले सामने आए। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार भारत में एक दिन में कोविड-19 के 90,928 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,51,09,286 हो गई है। करीब दो सौ दिन बाद सामने आए ये सर्वाधिक मामले हैं।