- कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ देशभर में हो रहीं मॉकड्रिल, स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश जारी
एबीएन हेल्थ डेस्क। देश के ज्यादातर हिस्सों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सख्तियों का दौर लौटने लगा है। कई राज्यों ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना फिर अनिवार्य कर दिया है, तो कई प्रदेशों ने बेहद सावधान रहने की हिदायत दी है। जांच में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया है।
देशभर में मॉकड्रिल शुरू
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सभी अस्पतालों, पॉलिक्लीनिक व डिस्पेंसरियों में जांच बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच, कोरोना संक्रमण के चलते किसी भी स्थिति से निपटने के लिए देश भर में सरकारी और निजी अस्पतालों में दो दिन मॉकड्रिल होगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों और स्वास्थ्य विभाग के प्रधान और अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ समीक्षा बैठक में तैयारियों को परखने का निर्देश दिया था, साथ ही तैयारियों को लेकर मॉकड्रिल करने के भी निर्देश दिये थे। जिसके बाद आज देशभर में मॉकड्रिल शुरू हो गई हैं।
चेन्नई के राजीव गांधी जनरल हॉस्पिटल में भी कोरोना महामारी की तैयारियों को लेकर मॉकड्रिल की गई, जिसका राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण भी किया। संक्रमण को देखते हुए हरियाणा सरकार ने एहतियातन सार्वजनिक स्थानों और स्कूलों में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।
जिला प्रशासन और पंचायतों को भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। केरल सरकार ने गर्भवती महिलाओं, बुजुर्ग नागरिकों और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया है।
पुडुचेरी प्रशासन ने भी तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक स्थलों पर मास्क अनिवार्य कर दिया है। वहीं, यूपी सरकार ने राज्य के सभी हवाईअड्डों पर विदेश से आने वाले यात्रियों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सरकारी आदेश में पॉजिटिव पाए जाने वाले नमूनों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजने को भी कहा गया है।