एबीएन सोशल डेस्क। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झारखंड प्रांत के तत्वावधान में होचर, कांके स्थित नेताजी एकेडमी उच्च विद्यालय परिसर में उपभोक्ता जागरण पर एक संगोष्ठी हुई। संगोष्ठी का शुभारंभ अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनकर सबनीस, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेहताब सिंह कौरव, प्रांत अध्यक्ष पिंटू चाकिया, ग्राम संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति व रांची महानगर संपर्क सहप्रमुख अमरेंद्र सिंह व प्राचार्य डॉ बिरेन्द्र साहू ने संयुक्त रूप से भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि एवं वेद मंत्रों के साथ दीप प्रज्वलन कर किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनकर सबनीस ने कहा कि ग्राहकों को न्याय पाने के चेतना जागरण करने के निमित्त ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एक आयाम अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के रूप में गठित हुआ है। उन्होंने कहा भारतीय उपभोक्ता अथवा ग्राहक को बाजार में कानून की जानकारी के अभाव में कई प्रकार के अन्याय का सामना करना पड़ता है। एमआरपी अथवा अधिकतम खुदरा मूल्य ग्राहक के लिए विक्रय मूल्य नहीं है, ग्राहक इस मूल्य से मोलभाव कर सकता है।
उन्होंने कहा कि किसी प्रकार के ग्राहक को कठिनाई होती है तो वह उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करा के अपने अधिकार को प्राप्त कर सकते हैं। आज विज्ञापन के भ्रम अथवा मोह जाल में भारतीय समाज ऐसा फंस गया है जो अपने पारंपरिक खाद्य सामग्री अथवा जीवन शैली को नकारते हुए आरामदायक चीजों को प्राथमिकता देकर रोग को आमंत्रित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज मिलावट चरम पर है। डब्ल्यूएचओ ने चेताया है कि यदि सामग्रियों में मिलावट पर रोक नहीं लगाई गई तो 2050 तक 70% लोग कैंसर से पीड़ित हो जायेंगे।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेहताब सिंह कौरव ने कहा समाज के प्रत्येक व्यक्ति एक ग्राहक के रूप में है,जो प्रतिदिन अपनी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु बाजार पर आश्रित होता है। ग्राहकों की सुविधा के लिए ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 48 वर्ष पूर्व अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की स्थापना की थी। ग्राहकों के लिए 1986 में कानून भी बनाया गया परंतु आज भी अपने अधिकार को प्राप्त करने में समाज पीछे है। उन्होंने कहा जब तक रहोगे मौन, तो सुनेगा कौन अर्थात ग्राहक को अपने अधिकार के लिए आवाज उठाना ही चाहिए।
संगोष्ठी में उद्बोधन के पूर्व नेताजी एकेडमी उच्च विद्यालय के प्राचार्य डॉ बिरेन्द्र साहू ने राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को शॉल ओढ़ाकर एवं झारखंड के सदानों का इतिहास नामक पुस्तक भेंट करके तथा अन्य पदाधिकारियों को शिक्षक शिक्षिकाओं के द्वारा अंग वस्त्र प्रदान करके सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का अध्यक्षता प्रांत अध्यक्ष पिंटू चाकिया एवं संचालन प्रांत संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति ने किया।
संगोष्ठी में दुलाल उरांव, भीम हो, राजू कुमार, शिव प्रसाद साहू, बबलू कुमार साहु, उर्मिला केरकेट्टा, सुनीता मुंडा, विजय उरांव, बालचंद उरांव, सुनीता कश्यप, कुसुम टोप्पो, सुजीत उपाध्याय, राम किशोर साहू, राकेश चंद्र झा, मनीष साहू, अनु देवी, रिंकी देवी सहित लगभग 550 छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के झारखंड प्रांत अध्यक्ष पिंटू चकिया ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।