रांची। हार्ट की बीमारी से बचना है तो रेगुलर व्यायाम, ब्लड प्रेशर एवं शुगर पर कंट्रोल करना होगा। जंक फूड से दूरी, नमक का कम मात्रा में सेवन, हरी साग सब्जियों और फल का ज्यादा से ज्यादा सेवन करना होगा। तंबाकू के सेवन से भी बचना होगा। उक्त बातें हार्ट रोग के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कही। मौका था बुधवार को वर्ल्ड हार्ट डे के मौके पर आईएमए भवन में आयोजित हार्ट रोग जागरूकता कार्यक्रम का। शाम 4 बजे रांची के करमटोली स्थित आईएमए भवन के सभागार में कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ दीपक गुप्ता, डॉ प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ प्रशांत, डॉ अनुपम, डॉ पीजी सरकार शामिल हुये। विशेषज्ञों ने हृदय रोग से कई जानकारी दी। डॉक्टरों ने रिस्क फैक्टर्स, हार्ट अटैक को पहचानने के अलार्मिंग साइन, कम उम्र में ह्रदय रोग होने के कारण, पोस्ट कोविड-19 हृदय रोग से संबंधित बीमारियां एवं बचाव के उपाय बताये। डॉक्टरों ने कहा कि वर्तमान में खानपान में बदलाव और रहन-सहन में हो रहे बदलाव के कारण भी यह रोग बढ़ा है। हम अपनी आदतों में सुधार कर हृदय रोग से बच सकते हैं। कार्यक्रम में आईएमए के अध्यक्ष डॉ शंभू प्रसाद, सचिव डॉ सुधीर कुमार, उपाध्यक्ष डॉ ब्यूटी बनर्जी, संयुक्त सचिव डॉ अजीत कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमए अध्यक्ष डॉ शंभू प्रसाद ने किया। धन्यवाद ज्ञापन आईएमए सचिव डॉ सुधीर कुमार ने दिया। संचालन संयुक्त सचिव डॉ अजीत कुमार ने किया।