एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच जंग करीब 4 महीने से जारी है। मंगलवार को जंग के 118वें दिन यूक्रेन की वायु सेना ने दावा किया कि उसने रूस की एक मिसाइल, दो ड्रोन और दो गोला बारूद डिपो नष्ट कर दिया है। यूक्रेन एयरफोर्स ने फेसबुक पर इसकी जानकारी शेयर की। बयान में कहा गया कि एयरफोर्स ने कीव और डोनेट्स्क क्षेत्रों में दो ड्रोन को मार गिराया। जंग के बीच रूस ने यूक्रेन से दो पूर्व अमेरिकी सैनिकों को पकड़ा है, इनके नाम अलेक्जेंडर ड्रूके और एंडी हुइन्ह हैं। रूस का दावा है कि ये दोनों यूक्रेन की ओर से जंग में शामिल थे। यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि दोनों अपनी इच्छा से यूक्रेनी सेना में रूस से लड़ाई करने के लिए शामिल हुए थे। यूक्रेन का दावा है कि 24 फरवरी और 21 जून के बीच यूक्रेनी सेना ने रूस के करीब 34 हजार 100 सैनिकों को मारा है। मंगलवार को ही यूक्रेनी सेना ने 26 रूसी सैनिकों को भी मार गिराया।
रूसी सैनिकों ने खार्किव के इंडस्ट्रियल्नी जिले में गोलाबारी की, जिसमें करीब 7 नागरिक घायल हो गए। कीव में भी बमबारी की गई है। 21 जून को अमेरिकी अटॉर्नी जनरल मेरीक गारलैंड अचानक यूक्रेन के दौरे पर पहुंच गए। मेरीक के इस दौरे का उद्देश्य युद्ध अपराध में शामिल रूसियों की पहचान कर उन पर मुकदमा चलाना था। इस दौरान उन्होंने रूसी युद्ध अपराधों की जांच में मदद करने के लिए एक वरिष्ठ अभिवक्ता की नियुक्ति की घोषणा की। रूस के कब्जे वाले क्रीमिया प्रांत में काला सागर से तेल निकालने वाले प्लेटफॉर्म पर यूक्रेन की सेना ने युद्ध के 118वें दिन हमला किया है। करीब चार माह से जारी इस जंग में यूक्रेन ने बाहर किसी बड़े रूसी ठिकाने पर पहली बार हमला किया है। उधर, पूर्व के सेवेरोदोनेस्क और लिसिचेंस्क शहरों के बड़े क्षेत्र पर रूसी कब्जा स्वीकारते हुए दक्षिणी प्रांत में हमले बढ़ा दिए हैं। रूस समर्थित क्षेत्रीय प्रमुख ने जानकारी दी कि क्रीमिया के बाहरी क्षेत्र पर किए गए यूक्रेनी सेना के हमले में तीन लोग घायल हैं, जबकि सात कर्मचारी लापता हैं। क्रेमलिन ने भी क्रीमिया में लापता कर्मियों की बात स्वीकारी है। ब्रिटिश खुफिया सैन्य अफसर ने यूक्रेनी सेना द्वारा पश्चिम की दी हुई हार्पून एंटी-शिप मिसाइलों के पहली बार सफल इस्तेमाल का दावा किया। उधर, रूसी सेना ने मंगलवार तड़के पूर्वी यूक्रेन के सेवेरोदोनेस्क शहर के पास सिवरस्की दोनेस्क नदी क्षेत्र तथा तोशकिवका शहर पर कब्जा करने का दावा किया। रूस-यूक्रेन जंग के कारण यूक्रेनी ओडेसा बंदरगाह में 14 देशों के 39 मालवाहक जहाज फंसे हुए हैं। ये जहाज कालासागर में रूसी नौसेना की नाकाबंदी के चलते चार माह से कहीं नहीं निकल पा रहे हैं। बीते दिनों रूसी गोलाबारी से ओडेसा बंदरगाह को भारी नुकसान हुआ है। रूस के पत्रकार दिमित्रि मुरातोव को शांति के लिए मिले नोबेल पुरस्कार की नीलामी 10.35 करोड़ डॉलर में हुई है। एक अनजान खरीदार ने इस नोबेल प्राइस को खरीदा जो मुरातोव को पिछले साल फिलीपींस की पत्रकार मारिया रसा के साथ फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन की रक्षा के लिए मिला था। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) में उनके देश को शामिल करने को लेकर परिषद की बैठक से पूर्व रूस हमले और तेज करेगा। इस सप्ताह के अंत में होने वाले सम्मेलन में ईयू नेता यूक्रेन की सदस्यता का समर्थन कर सकते हैं।