एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस-यूक्रेन जंग का आज 52वां दिन है। दो महीने होने वाले हैं, लेकिन अभी तक किसी भी देश की तरफ युद्ध विराम के संकेत नहीं मिले हैं। अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भी ज्यादा आक्रामक नजर आ रहे हैं। यूक्रेन की सैन्य मदद कर रहे अमेरिका को भी रूस ने चेतावनी दी है। उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने माना है कि जंग में उनके 3000 से ज्यादा सैनिकों की मौत हो गई, तो 10 हजार घायल हो गए। वहीं मैरियूपोल में भी हजारों नागरिकों के मारे जाने की खबर है।
कीव में वापस लौटा फ्रांस दूतावास : रूसी सैनिकों के कीव से जाने के बाद यहां जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। इस बीच अन्य देशों के दूतावास भी वापस लौटने लगे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कीव में फ्रांसीसी दूतावास वापस लौट आया है और यहां कामकाज शुरू हो गया है।
2022 के अंत तक चल सकती है जंग-अमेरिका : अमेरिका सेक्रेटरी ऑफ स्टेट एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका का मानना है कि रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग लंबी चल सकती है। अमेरिका का मानना है कि यह युद्ध 2022 के अंत तक चल सकता है।
रूस ने अमेरिका को दी चेतावनी : यूक्रेन की सैन्य मदद कर रहे अमेरिका को अब रूस ने धमकी दी है। वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, रूस की ओर से एक औपचारिक पत्र भेजकर कहा गया है कि यूक्रेन को भेजी जा रही खतरनाक हथियारों की खेप लगातार तनाव बढ़ा दी है। अगर यह जारी रहा तो भविष्य में इसके बहुत ही घातक परिणाम हो सकते हैं। रूस ने कहा कि अमेरिकी सैन्य मदद खतरनाक स्थितियां पैदा कर रही हैं।