एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान में रविवार को प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को बिना मतदान के ही खारिज कर दिया गया। नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर कासिम खान सूरी ने पाकिस्तानी संविधान के अनुच्छेद 5 का हवाला देते हुए इस अविश्वास प्रस्ताव को बिना वोटिंग के ही खारिज कर दिया। सूरी ने आज सदन की जिम्मेदारी ऐसे वक्त संभाली जब विपक्ष ने नेशनल असेंबली के स्पीकर असद कैसर के खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया।
देश के संविधान पर हमला हुआ है : बिलावल भुट्टो-
पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा है कि देश के संविधान पर बड़ा हमला हुआ है। हम सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद करते हैं वह वह इसे ठीक करेगा।
इमरान ने पाकिस्तान को अराजकता की ओर धकेला : शहबाज शरीफ-
पाकिस्तान के विपक्षी नेता शहबाज शरीफ ने एक ट्वीट में लिखा है कि इमरान खान ने पाकिस्तान को अराजकता की ओर धकेला है। उन्होंने लिखा, यह देशद्रोह से कम नहीं है। संविधान का जो उल्लंघन किया है उसके गंभीर परिणाम होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट संविधान को लेकर अपनी भूमिका ईमानदारी से निभाएगा।
इमरान खान ने अपना वादा पूरा किया : कुरैशी-
पाकिस्तान में सत्ताधारी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के नेता शाह महमूद कुरैशी ने कहा है कि प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपना वह वादा पूरा किया है, जिसमें उन्होंने देश को चौंकाने की बात कही थी। अब हम चुनाव की तैयारी करेंगे और भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करते चोर, लुटेरों और गद्दारों को पाकिस्तान से बाहर करेंगे।
पाकिस्तानी संसद के बाहर इमरान के समर्थन में नारेबाजी : पाकिस्तान में संसद भंग किए जाने के बाद राजधानी में संसद के बाहर खूब नारेबाजी हुई। यहां इमरान खान पाकिस्तान को बचाएंगे और जो भी अमेरिका का दोस्त है वह गद्दार है जैसे नारे लगाए गए।