एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग के तीन हफ्ते हो चुके हैं। जंग को खत्म करने की कोशिशें जारी हैं लेकिन इस बीच यूक्रेन में खासी तबाही हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन पर आक्रमण को लेकर युद्ध अपराधी बताया। शिकागो क्लब के मालिकों ने कहा है कि वे इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबॉल क्लब चेल्सी को खरीदने के लिए बोली लगाएंगे। चेल्सी के मालिक रोमन अब्रामोविच को उनकी हिस्सेदारी बेचने को बाध्य किया गया है क्योंकि ब्रिटिश सरकार ने यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ने वाले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रिश्तों के कारण उन्हें प्रतिबंधित किया था, जिसके बाद प्रीमियर लीग ने भी यह कदम उठाया। इसके बाद रिकेट्स परिवार ने चेल्सी को खरीदने में सार्वजनिक तौर पर रुचि दिखाई है।
रूस से गंवाए 7 हजार से ज्यादा सैनिकः अमेरिकी खुफिया - अमेरिकी खुफिया विभाग से जानकारी मिली है कि यूक्रेन के साथ जंग में रूस की सेना ने 7,000 से अधिक सैनिकों को खो दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स से बात करने वाले अमेरिकी अधिकारियों ने आगाह किया कि उनके रूसी हताहतों की संख्या सटीक नहीं है।
रूस की सेना ने 5 दिन बाद मेयर को छोड़ा : यूक्रेन के दक्षिण पूर्व में स्थित शहर मेलितोपोल के मेयर को रूस की सेना ने पांच दिन तक बंधक बनाकर रखने के बाद मुक्त कर दिया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के चीफ ऑफ स्टाफ अन्द्रेई येरमक ने यह जानकारी दी, लेकिन यह खुलासा नहीं किया कि महापौर को कैसे छोड़ा गया।