एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूसी सैनिक यूक्रेन की धरती पर मिसाइल और बम धमाकों से कोहराम मचा रहे हैं। राजधानी कीव में रूसी सैनिकों की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इस बीच रूसी मीडिया ने दावा किया है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने यूक्रेन छोड़ दिया है और पोलैंड पहुंच गए हैं। शुक्रवार को रूसी मीडिया ने दावा किया यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने देश छोड़ दिया है और पोलैंड में शरण ले ली है। हालांकि रूसी दावे पर अभी यूक्रेन की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बताते चलें कि कुछ दिन पहले भी रूसी मीडिया ने दावा किया था जेलेंस्की ने यूक्रेन छोड़ दिया है। तब जेलेंस्की ने इन दावों को खारिज करके एक वीडियो जारी किया था और कहा कि वे आखिर तक देश नहीं छोड़ेंगे।