एबीएन सेंट्रल डेस्क। यूक्रेन में युद्ध लड़ रहे रूसी सैनिक परेशान हैं और रो-रोकर उनका बुरा हाल है। ऐसा इसलिए बताया जा रहा है क्योंकि इन सैनिकों से हर किसी पर गोली चलाने के लिए कहा गया है। न्यू यॉर्क टाइम्स ने पेंटागन में एक अधिकारी का हवाला देते हुए कहा कि ये सैनिक लड़ाई से बचने के लिए अपने ही वाहनों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। पेंटागन के अधिकारी ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि रूसी सैनिकों की एक बड़ी संख्या युवा है जिन्हें सही से ट्रेनिंग नहीं मिली है और पूर्ण पैमाने पर युद्ध के लिए तैयार नहीं हैं। अधिकारी ने आगे कहा कि वे कम मनोबल और भोजन और ईंधन सहित संसाधनों की कमी से भी पीड़ित हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि इन सैनिकों ने जान-बूझकर अपने वाहनों में छेद किए हैं। उन्होंने ऐसा सिर्फ युद्ध से बचने के लिए किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह आकलन संभवत: पकड़े गए रूसी सैनिकों के बयानों पर आधारित है और यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों में कीव के पास टैंकों और हथियारों के वाहनों का 40 मील का काफिला लगभग रेंगता नजर आ रहा है। हालांकि रिपोर्ट में कहा गया है कि बख्तरबंद वाहनों का नेतृत्व करने वाले रूसी कमांडर आगे बढ़ने और यूक्रेनी राजधानी को घेरने और कब्जा करने के लिए अपनी युद्ध योजनाओं पर पुनर्विचार कर सकते हैं।