एबीएन डेस्क। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 99 वर्ष के थे। लंदन स्थित बकिंघम पैलेस ने यह जानकारी दी। प्रिंस फिलिप को ड्यूक आफ एडिनबर्ग भी कहा जाता था। उनका और महारानी एलिजाबेथ का करीब 73 साल का साथ रहा। प्रिंस के निधन के साथ ही ब्रिटेन में शोक छा गया। ब्रिटेन की ऐतिहासिक इमारतों में उनके सम्मान में राष्ट्र ध्वज झुका दिए गए और राष्ट्रव्यापी शोक की घोषणा कर दी गई। बकिंघम पैलेस ने बयान जारी कर कहा, बहुत दुख के साथ महारानी ने अपने पति, हिज रॉयल हाईनेस द प्रिंस फिलिप, ड्यूक आॅफ एडिनबरा के निधन की घोषणा की है। प्रिंस फिलिप ने विंडसर कैसेल में शुक्रवार सुबह अंतिम सांस ली। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रिंस फिलिप के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने अनगिनत युवाओं के जीवन को प्रेरित किया है।