- रूस की डीजल इंडस्ट्री को झटका, ट्रंप ने यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म करने का किया आह्वान, कहा- यह बेतुका है
- रूस की रिफाइनरियों पर यूक्रेन के हमलों के बीच ग्लोबल डीजल सप्लाई पर दबाव बढ़ रहा है। इस पर ट्रंप ने रूस यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की अपी की है। इससे पहले ट्रंप ने जेलेंस्की से रूसी डीजल इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले रोकने को कहा था।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस की रिफाइनरियों पर हो रहे हमले को लेकर सोशल मीडिया प्लेफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट किया है। पोस्ट में उन्होंने रूस की डीजल इंडस्ट्री को होने वाले नुकसान के बारे में बताया। ट्रंप ने कहा कि इस अंतहीन और बेतुके युद्ध के कारण रूस अपने डीजल उद्योग पर नियंत्रण खो रहा है। ट्रंप के मुताबिक, यूक्रेन के हमलों में रूस की कई डीजल रिफाइनरियां प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि काफी सारी रिफाइनरियां फिलहाल बंद पड़ी हैं। उन्होंने युद्ध को खत्म करने की अपील करते हुए कहा कि दुनिया को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है।
ट्रंप की अपील के बाद जेलेंस्की का बयान
ट्रंप की अपील के बाद वोलोदिमिर जेलेंस्की ने ट्वीट करके कहा कि यूक्रेन युद्ध का अंत पहले दिन से ही तलाश रहा है। इसके लिए उसने कई कूटनीतिक प्रस्ताव भी दिये हैं। उन्होंने कहा कि इस समय राष्ट्रपति ट्रंप और अमेरिका के साथ बातचीत जारी है। साथ ही उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क में होने वाली यूएन जनरल असेंबली के दौरान अपने सहयोगियों के साथ वे इस पर चर्चा भी करेंगे। अपने ट्वीट में उन्होंने एक बात स्पष्ट रूप से कही की अब केवल हमला झेलने वाला देश ही नुकसान नहीं उठाएगा। क्योंकि युद्ध का स्वरूप अब बदल चुका है और हमलावर को भी नुकसान उठाना पडेगा।
हर महीने मर रहे हैं 25 हजार लोग
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में कहा कि रूस यूक्रेन युद्ध का नुकसान पूरी दुनिया को झेलना पड़ रहा है। इस युद्ध से हर महीने 25,000 लोग मारे जा रहे हैं, इनमें भी ज्यादातर सैनिक हैं। ट्रंप ने इसे शर्मनाक बताया। इससे पहले ट्रंप ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को रूस में डीजल रिफाइनरियों पर हमला रोकने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने कहा कि जेलेंस्की रूस में दूसरे ठिकानों को निशाना बना सकते हैं, लेकिन डीजल रिफाइनरियों पर हमला नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे डीजल की कमी हो रही है।
रिफाइनरियों पर हमलों से बढ़ी डीजल की चिंता
ट्रंप का यह पोस्ट सोमवार सुबह हुए यूक्रेनी ड्रोन हमलों के बाद आया है। हमलों में रूस के सबसे बड़े तेल शोधन केंद्रों में से एक उफा पर ड्रोन हमले की खबर आयी थी। आरबीसी-यूक्रेन की रिपोर्ट के अनुसार, यूक्रेन के सेंटर फॉर द स्टडी आॅफ आॅक्यूपेशन के प्रमुख ने बताया कि बाशनेफ्ट की एक आॅयल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया है। इसके बाद रूस के अधिकारियों ने उफा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया। इसके चलते एयरपोर्ट से विमानों की आवाजाही बंद हो गयी।