टीम एबीएन, रांची। भारतीय किसान संघ, झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती लातेहार में अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री के. साई रेड्डी जी की गरिमामयी उपस्थिति में संगठनात्मक बैठक एवं किसान सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड के विभिन्न जिलों से आये पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसान बंधुओं एवं पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ। तत्पश्चात झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जयकुमार सिंह ने भगवान बलराम के प्रतीक हल एवं अंगवस्त्र भेंट कर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साई रेड्डी का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया तथा उपस्थित कार्यकर्ताओं के बीच उनका परिचय कराया।
अपने उद्बोधन में अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साई रेड्डी ने कहा कि वर्तमान में पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल गन्ने एवं अन्य कृषि फसलों से तैयार होता है, जिससे किसानों की उपज की मांग बढ़ेगी और उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिलेगा। उन्होंने अमेरिका, जर्मनी और जापान जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी एथेनॉल मिश्रित ईंधन का सफलतापूर्वक उपयोग किया जा रहा है तथा इससे वाहनों के इंजन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।
उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह किया कि किसानों की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रभावी रूप से लागू किया जाए तथा किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक खेती को अपनाने, गौ-आधारित कृषि, जैविक खाद, गोबर, गोमूत्र एवं घरों से निकलने वाले जैविक अपशिष्ट से तैयार उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जयकुमार सिंह ने संगठन को गांव-गांव तक सशक्त बनाने, किसानों के अधिकारों की रक्षा तथा प्राकृतिक खेती के विस्तार के लिए सभी कार्यकर्ताओं से समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश मंत्री एवं कार्यक्रम के संचालक श्री राम पांडेय ने कहा कि भारतीय किसान संघ केवल किसानों के हितों की बात करने वाला संगठन नहीं, बल्कि खेत, किसान और गांव की समृद्धि के लिए निरंतर संघर्ष करने वाला राष्ट्रवादी किसान संगठन है। उन्होंने कहा कि किसान की आर्थिक मजबूती ही देश की वास्तविक समृद्धि का आधार है।
उन्होंने सभी कार्यकतार्ओं से गांव-गांव जाकर किसानों को प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, जैविक कृषि, बीज संरक्षण और संगठन की नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ किसानों की समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से सरकार तक पहुंचाता रहेगा तथा किसानों के सम्मान और स्वाभिमान के लिए संगठन सदैव संघर्षरत रहेगा।
क्षेत्र संगठन मंत्री हेमराज ने संगठन की कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसके अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने प्रत्येक गांव में संगठन का विस्तार करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश संगठन मंत्री आचल ने संगठनात्मक मजबूती पर बल देते हुए कहा कि भारतीय किसान संघ का उद्देश्य किसानों को संगठित कर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित प्रवास, किसान संपर्क एवं सदस्यता अभियान को गति देने का आग्रह किया।
धन्यवाद ज्ञापन प्रांत प्रचार प्रमुख प्रकाश सिंहने किया। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ झारखंड के किसानों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार को कई ज्ञापन सौंप चुका है तथा भविष्य में भी किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रशांत खाखा, क्षेत्र संगठन मंत्री हेमराज, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष क्षेत्रधारी महतो, प्रदेश महामंत्री दीपक उरांव, प्रदेश संगठन मंत्री आचल, सह-प्रचार प्रमुख आनंद शाही, सह-प्रचार प्रमुख दीपक, महामंत्री सतीश, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लातेहार जिला प्रचारक, लातेहार जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, जिला मंत्री भवन कुमार मांझी, पलामू जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, चतरा जिला सह मंत्री राजू साहू, जिला जैविक प्रमुख मनोज उरांव, जिला प्रखंड अध्यक्ष संतोष यादव, देवमणि देवी, सरिता देवी, सुमित्रा देवी, सरयू प्रसाद, नीलम देवी, मधु देवी, रामचंद्र सिंह सहित प्रदेश कार्यकारिणी के अनेक सदस्य, किसान बंधु एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर ध्वज वंदन किया गया। इसके पश्चात आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष के. साई रेड्डी ने झारखंड सरकार से किसानों के हित में ठोस निर्णय लेने तथा भारतीय किसान संघ द्वारा उठायी गयी मांगों पर गंभीरतापूर्वक अमल करने का आग्रह किया। अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, किसान बंधुओं एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse