एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। उसके छक्कों पर हरभजन सिंह, इरफान पठान और अश्विन जैसे दिग्गज स्टैंडिंग ओवेशन देते हैं। आउट हो जाता है तो अनिल कुंबले, संजय बांगड़ जैसे पूर्व खिलाड़ी अपना माथा पीट लेते हैं। उसकी पारी की सराहना करने के लिए पूरा स्टेडियम खड़े होकर ताली बजाता है।
जिस टीम की पूरी बॉलिंग को एक 15 साल के लड़के ने तहस-नहस कर डाला हो, उसकी मालकिन भी सम्मान में खड़ी हो जाए तो मतलब आपने कुछ अद्भुत किया है। आपने अविश्वसनीय पारी खेली है। द गॉड आफ क्रिकेट मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर आपके बैट स्विंग और टेंपरामेंट की तारीफ करते हैं।
युवराज सिंह आपको बेबी बॉस की उपाधि देते हैं। सहवाग जैसे खिलाड़ी आपको विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धौनी जैसे खिलाड़ियों की लीक में खड़ा करते हैं। इनमें से किसी के नाम एक सीजन में सबसे छक्के लगाने का रिकॉर्ड नहीं है, आपने आईपीएल के अपने दूसरे ही सीजन में 65 छक्कों के साथ सर्वाधिक सिक्सर का रिकॉर्ड अपने नाम किया है, तो सचमुच स्पेशल हैं आप।
आपको गॉड गिफ्टेड टैलेंट कहना आपकी तपस्या की तौहीन होगी। आपके पिता के त्याग का अपमान होगा। आपने मेहनत की आग में खुद को जलाया है, तब कहीं जाकर यह मुकाम पाया है। पैट कमिंस, जसप्रीत बुमराह, जॉस हेजलवुड, कगिसो रबाडा, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी जैसे गेंदबाजों को जैसे आपने तड़ी दी है, ये मेहनत के बूते कमाये गये यकीन से ही संभव है।
सुनील नारायण, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, राशिद खान और मोहम्मद नूर जैसे स्पिनर्स के सामने आपकी टांगें कांपी नहीं है। वे आपकी चक्करघिरनी नहीं बना पाये हैं। आप जब कहते हैं कि मुझे गेंदबाजों से डर नहीं लगता चाहे वो फास्टर्स हों कि स्पिनर्स तो ये घमंड नहीं है। उसने मॉडर्न डे क्रिकेट के महान तेज गेंदबाजों का न केवल सामना किया है, बल्कि बखूबी खेला भी है।
वैभव सूर्यवंशी साफ कहते हैं कि मैं गेंदबाजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचता। मैं गेंद पर ध्यान देता हूं और उसके हिसाब से अपना शॉट मैन्युफैक्चर करता हूं।वैभव केविन पीटरसन से कहते हैं कि मुझे बल्लेबाजी पसंद है, चाहे इनिंग पहली हो कि मेरी टीम चेज कर रही हो। अगला टार्गेट टी-20 क्रिकेट में 200 रन बनाने का है।
लड़का बना लेगा एक दिन वो भी। कल ही 29वें गेंद पर छक्का लग जाता तो एक रिकॉर्ड और बनना तय था। वैभव सूर्यवंशी सीजन में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बने हैं। सीजन में 230+ का स्ट्राइक रेट भी एक रिकॉर्ड है।
उन्होंने 65 छक्कों के साथ सीजन से सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। 29 मई को क्वालीफायर 2 में मौका मिलेगा। वहां जीते तो फाइनल भी है। इसे हम कीर्तिमान अलर्ट कह सकते हैं...।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse