एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार संध्या 7 बजे लोहरदगा शहर स्थित बड़ा तालाब परिसर में बनारस की प्रसिद्ध गंगा आरती की तर्ज पर भव्य माँ गंगा आरती का आयोजन किया गया।
दीपों की जगमगाहट, शंखनाद, वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं बच्चे शामिल हुए और माँ गंगा की आराधना में श्रद्धाभाव से जुटे रहे।
आयोजन की शुरुआत में वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित पुजारियों तरुण पांडे द्वारा एक साथ विशाल दीपदान घंटियों की ध्वनि और शंखनाद के बीच माँ गंगा की आरती की गई, जिसने श्रद्धालुओं को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट की अनुभूति करा दी।
आरती के दौरान पूरा बड़ा तालाब परिसर भक्ति गीतों और गूंजते जयघोषों से आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। आकर्षक विद्युत सज्जा, फूलों और सैकड़ों दीपों से सुसज्जित तालाब परिसर दिव्य और मनमोहक दिखाई दे रहा था। श्रद्धालुओं ने तालाब किनारे दीप प्रवाहित कर सुख-समृद्धि, शांति एवं परिवार की खुशहाली की कामना की गई।
आयोजकों ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर चौथी बार लोहरदगा में इस प्रकार की भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया।इसका उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कई श्रद्धालुओं ने इस पहल को लोहरदगा के लिए ऐतिहासिक और यादगार बताते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों एवं शहरवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।वहीं सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंडित जी तरुण पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर पूजा अग्रवाल, मानसी कुमारी, कुमारी अंतरा, राखी कुमारी, सिमरन गुप्ता, राजनंदनी कुमारी, प्रियंका साहू, बृष्टि कश्यप, भावना मित्तल, सृष्टि पांडे सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य शामिल रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse