Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
वर्ल्ड

शीतकालीन ओलंपिक से पहले चीन के तीसरे शहर में लगा लॉकडाउन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
शीतकालीन ओलंपिक से पहले चीन के तीसरे शहर में लगा लॉकडाउन
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चीन में कोरोनावायरस महामारी का कहर बढ़ता जा रहा है। वह भी ऐसे समय जब शी जिनपिंग की सरकार बीजिंग में होने वाले शीतकालीन ओलंपिक खेलों की तैयारी में जुटी है। लगातार खराब होती स्थितियों से निपटने के लिए अब आन्यांग शहर में भी प्रशासन ने लॉकडाउन लगाने का एलान कर दिया है। इसी के साथ अब चीन में कुल तीन शहर ऐसे हैं, जहां कोरोना के केस बढ़ने के बाद सख्त लॉकडाउन लगा दिया गया है। शीतकालीन ओलंपिक से पहले कोरोना के बढ़ते केसों के चलते चीन के शियान और तियानजिन शहर में लॉकडाउन लगाया चुका है। अधिकारियों ने मंगलवार को आन्यांग को भी पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी। इसी के साथ चीन में अब करीब दो करोड़ लोग अपने घरों में रहने के लिए मजबूर हैं। आन्यांग की आबादी करीब 55 लाख है। यह हेनान प्रांत के सबसे बड़े शहरों में से एक है। बताया गया है कि पर्यटकों के केंद्र शियान और बंदरगाह वाले तियानजिन में ओमिक्रॉन के क्लस्टर मिलने की वजह से इन्हें बंद किया गया था। लेकिन अब आन्यांग में भी ओमिक्रॉन के मामले बढ़ते देखे जा रहे हैं। यहां शनिवार से लेकर आज तक स्थानीय स्तर पर 84 संक्रमित मिले हैं, इनमें 58 केस सोमवार रात से मंगलवार सुबह के बीच मिले। ऐसे में चीन की सरकार ने अपनी जीरो कोविड-19 नीति के तहत इस शहर को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। आन्यांग प्रशासन ने सोमवार को आदेश जारी कर सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया और सभी लोगों को घर के अंदर रहने की हिदायत दी। इस दौरान शहर में महामारी जांच जारी रहेगी। गौरतलब है कि बीजिंग में 4 से 20 फरवरी से तक शीतकालीन ओलंपिक का आयोजन होना है। लेकिन ओमिक्रॉन वैरिएंट के दुनियाभर में फैलने के साथ ही चीन में भी इसका प्रभाव दिखने लगा है।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 32,552