Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
वर्ल्ड

क्रिसमस से पहले रूस ने यूक्रेन को दहलाया

क्रिसमस से पहले रूस ने यूक्रेन को दहलाया
विज्ञापन

क्रिसमस से पहले रूस का कहर: यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, 650 ड्रोन और 30 मिसाइलों से बरसाई मौत 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। रूस ने क्रिसमस से कुछ दिन पहले यूक्रेन पर अब तक के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक को अंजाम दिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के अनुसार, सोमवार रात रूस ने 650 से अधिक ड्रोन और 30 से ज्यादा मिसाइलें दागीं, जिनसे 13 अलग-अलग क्षेत्रों में भारी तबाही हुई। 

इस हमले में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें एक चार साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  पर बताया कि हमले का मुख्य निशाना यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली और नागरिक ढांचा था, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ा पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रभावित हुआ है। 

जेलेंस्की ने लिखा कि कीव क्षेत्र में एक महिला की ड्रोन हमले में मौत हो गयी, जबकि ख्मेलनित्स्की और झितोमिर क्षेत्रों में भी जानें गयींं। झितोमिर में एक आवासीय इमारत पर ड्रोन गिरने से चार साल के बच्चे की मौत हो गयी। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। 

हालांकि यूक्रेनी एयर डिफेंस सिस्टम ने बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलें मार गिरायीं, लेकिन इसके बावजूद कई अहम ठिकाने हमले की चपेट में आ गये। जेलेंस्की ने कहा कि मरम्मत दल और ऊर्जा कर्मी तुरंत मौके पर तैनात कर दिये गये हैं ताकि हालात सामान्य किये जा सकें। 

हमले के समय पर सवाल उठाते हुए जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला क्रिसमस से पहले और शांति वार्ता के बीच किया गया, जो रूस की मंशा को साफ दर्शाता है। जब लोग अपने परिवारों के साथ घर में सुरक्षित रहना चाहते थे, तब यह हमला किया गया। यह दिखाता है कि पुतिन अब भी हत्या रोकने को तैयार नहीं हैं, जेलेंस्की ने कहा। 

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर और कड़ा दबाव बनाने की अपील करते हुए कहा कि अब जवाब देने का वक्त है, ताकि रूस को शांति की ओर मजबूर किया जा सके। इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने दावा किया कि रूस शांति के लिए प्रतिबद्ध है। 

उन्होंने बताया कि फ्लोरिडा के मियामी में अमेरिकी और रूसी प्रतिनिधिमंडलों के बीच हुई बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही। हालांकि जमीन पर हालात इसके बिल्कुल उलट दिखाई दे रहे हैं।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 7,610