एलन मस्क की कंपनी ने बढ़ाए प्रीमियम प्लान्स के दाम, भारतीय यूजर्स को झटका
एबीएन सेंट्रल डेस्क। एलन मस्क की कंपनी ने अपने प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान्स की कीमतों में वृद्धि कर दी है। अब भारतीय यूजर्स को इन प्लान्स के लिए 35% तक अधिक भुगतान करना होगा। ये नई कीमतें 21 दिसंबर 2023 से लागू हो गयी हैं और जो यूजर्स पहले से प्रीमियम प्लान पर हैं, उन्हें अगली बार बिल में नये दामों के हिसाब से पैसे चुकाने होंगे।
अब प्रीमियम+ प्लान लेने वाले यूजर्स को हर महीने 1,750 रुपये देने होंगे, जो पहले 1,300 रुपये थे। यानी, अब आपको 450 रुपये ज्यादा देने होंगे। वहीं, सालाना प्रीमियम+ प्लान की कीमत भी बढ़ा दी गयी है। पहले जो यूजर्स को सालाना प्लान के लिए 13,600 रुपये चुकाने पड़ते थे, अब वही प्लान 18,300 रुपये में मिलेगा।
ये हैं प्रीमियम प्लान्स की कीमतें बढ़ने के कारण
- विज्ञापनों का खत्म होना : अब प्रीमियम यूजर्स को प्लेटफॉर्म पर कोई विज्ञापन नहीं दिखाये जायेंगे।
- क्रिएटर्स को अधिक लाभ : प्लेटफॉर्म पर कंटेंट बनाने वाले क्रिएटर्स को अब अधिक पैसे मिलेंगे और उन्हें बेहतर सपोर्ट मिलेगा।
- नये फीचर्स का इंट्रोडक्शन : आने वाले समय में प्लेटफॉर्म में नये-नये फीचर्स जोड़े जायेंगे, जो यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनायेंगे।
कंपनी की सफाई और नया फीचर रडार
कंपनी ने कहा कि प्रीमियम+ सब्सक्राइबर्स को इस बढ़ी हुई कीमत से कई फायदे मिलेंगे। इनमें से एक प्रमुख फीचर है रडार, जिसे यूजर्स इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म के सबसे अच्छे एआइ मॉडल्स का यूज करने का मौका भी मिलेगा।
कंपनी ने यह भी कहा कि जब यूजर्स सब्सक्रिप्शन लेते हैं, तो उस पैसे का फायदा सीधे कंटेंट क्रिएटर्स को होता है। कंपनी अब यह भी देखेगी कि यूजर्स को क्रिएटर्स का कंटेंट कितना पसंद आ रहा है, न कि सिर्फ यह कि विज्ञापन कितनी बार दिखाये गये।