चीन में भूकंप से तबाही
- अब तक 116 लोगों ने तोड़ा दम व 400 घायल, सड़कें नष्ट और बिजली-दूरसंचार सेवाएं ठप्प
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर पश्चिमी चीन के सुदूर पर्वतीय क्षेत्र में मध्य रात्रि को आये शक्तिशाली, 6.2 तीव्रता के भूकंप में अब तक कम से कम 116 लोगों की मौत हो गयी और करीब 400 अन्य घायल हो गये हैं।
चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात 11 बजकर 59 मिनट पर गांसू और किनघई प्रांतों में हल्का भूकंप आया और इसका केंद्र जमीन में 10 किलोमीटर की गहरायी में था। विशेषज्ञों ने बताया कि हल्के भूकंप से बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान होता है।
भूकंप का केंद्र लियुगोऊ शहर में था जो गांसू में जिशिशान काउंटी से करीब आठ किलोमीटर दूर है। किनघई प्रांत हिमालय के तिब्बत क्षेत्र से सटा है जहां महाद्वीपीय प्लेटों के टकराने से आये दिन भूकंप आते रहते हैं।
इसके कुछ घंटों बाद मंगलवार को सुबह नौ बजकर 46 मिनट पर पड़ोसी शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र में दूसरा भूकंप आया। सीईएनसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहरायी में था। गांसू और किनघई में भी भूकंप के बाद के झटके भी महसूस किये गये।
स्थानीय मीडिया में आयी खबरों के अनुसार, गांसू में भूकंप से 105 लोगों की मौत हुई जबकि किनघई में 11 लोगों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक भूकंप प्रभावित इलाकों में 397 लोगों के घायल होने की खबर है।
भूकंप से जिशिशान में 6,381 मकान क्षतिग्रस्त हो गये। प्रांतीय आपात प्रबंधन विभाग के प्रवक्ता हान शुजुन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अभी तक भूकंप के बाद के 32 झटके महसूस किये गये हैं, जिनमें से सबसे ज्यादा तीव्रता 4.0 रही।