- इमरान खान का समर्थकों को संदेश- गुलाम होने से मौत बेहतर
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को दावा किया कि सेना ने उन्हें देशद्रोह के आरोप में अगले 10 साल तक जेल में रखने की योजना बनाई है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख ने सोमवार तड़के सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि तो अब लंदन की पूरी योजना सामने आ गयी है।
जब मैं जेल में था तब हिंसा के बहाने उन्होंने जज की भूमिका निभायी, जूरी और जल्लाद।
इमरान ने अपने ट्वीट में लिखा कि अब योजना बुशरा बेगम (खान की पत्नी) को जेल में डाल कर मुझे अपमानित करने की है। इसके साथ ही अगले 10 साल तक मुझे अंदर रखने के लिए कुछ राजद्रोह कानून का इस्तेमाल कर रही है। यह ट्वीट खान के लाहौर स्थित आवास पर पीटीआई नेताओं की बैठक के बाद आया है।
70 वर्षीय इमरान खान 100 से अधिक मामलों में जमानत पर हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया न हो, उन्होंने दो काम किये हैं। पहला जानबूझकर आम नागरिकों पर आतंक फैलाया गया है। दूसरा मीडिया को पूरी तरह से नियंत्रित और दबाया गया है।
लोगों में डर पैदा करने के लिए जानबूझकर किया गया प्रयास है ताकि जब वे फिर मुझे गिरफ्तार करें, तो लोग बाहर नहीं आयेंगे। इमरान खान ने कहा कि ये फिर से इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर देंगे और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगा देंगे (जो केवल आंशिक रूप से खुला है)। इस बीच घरों को तोड़ा जा रहा है और बेशर्मी से पुलिस घरों की महिलाओं के साथ मारपीट कर रही है।
पाकिस्तान के लोगों को अपना संदेश देते हुए खान ने कहा कि पाकिस्तान के लोगों के लिए मेरा संदेश- मैं अपने खून की आखिरी बूंद तक हकीकी आजादी के लिए लड़ूंगा क्योंकि मेरे लिए इन बदमाशों के गुलाम होने से मौत बेहतर है। मैं अपने सभी लोगों से यह याद रखने का आग्रह करता हूं कि हमने ला इल्लाह हा इल्लल्लाह की प्रतिज्ञा की है कि हम एक (अल्लाह) को छोड़कर किसी के आगे नहीं झुकते हैं।