Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
वर्ल्ड

आखिर ट्विटर की चिड़िया के लोगो को मस्क ने कुत्ते में क्यों बदला

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
आखिर ट्विटर की चिड़िया के लोगो को मस्क ने कुत्ते में क्यों बदला
विज्ञापन

वह आखिर है कौन, क्यों इतना चर्चित?

एबीएन सेंट्रल डेस्क। ट्विटर के मालिक एलन मस्क इस माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के फीचर्स से लेकर इसकी पूरी शक्ल तक बदलने में जुटे हैं। इसी कड़ी में मस्क ने ट्विटर के चिर-परिचित बर्ड लोगो यानी चिड़िया के ट्रेडमार्क चिह्न को बदल दिया है। 

ट्विटर के डेस्कटॉप यूजर्स को अब नीली चिड़िया की जगह कुत्ते की तस्वीर नजर आ रही है। खुद एलन मस्क ने इसे लेकर अपने ट्विटर हैंडल पर एक कार्टून ट्वीट किया है, जिसमें यह कुत्ता एक ट्रैफिक पुलिस वाले को अपना आईडी कार्ड दिखा रहा है और इसमें लगी ट्विटर की चिड़िया को पुरानी तस्वीर बता रहा है। 

ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर एलन मस्क ने यह बदलाव क्यों किया? इसके अलावा यह कुत्ता है कौन, जिसे मस्क की तरफ से लगातार प्रमोट किया जाता रहा है? यह कुत्ता अपने आप में इतना चर्चित कैसे है? 

ट्विटर लोगो में जिस कुत्ते की तस्वीर इस्तेमाल की गई है, उसका असली नाम काबोसु है। यह कुत्ता एक चर्चित मीम का हिस्सा रहा है। यह कुत्ता कितना लोकप्रिय रहा है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इससे जुड़े मीम्स को डोज मीम्स कहा जाता है। इस कुत्ते के नाम पर कुछ समय पहले क्रिप्टोकरेंसी डोजकॉइन भी लायी गयी थी, जिसे कई मौकों पर खुद एलन मस्क प्रमोट करते दिखे हैं। इतना ही नहीं मस्क डोज से जुड़े मीम्स भी शेयर करते रहते हैं। 

डोज मीम में दिखने वाला यह कुत्ता असल में एक मादा है और यह आज भी जापान के साकुरा में अपने मालिक अत्सुको सातो के साथ रहती है। हालांकि, मीम्स में काबोसु की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है। कबोसु जापान में ही एक रेस्क्यू डॉग रही है और 2010 में जब इसके मालिक आत्सुको ने इसकी एक खास पोज में तस्वीर अपने ब्लॉग में डाली तो यह डोज के नाम से मशहूर हो गयी। 

इस फोटो में काबोसु को तिरछी निगाहों से देखते और एक बनावटी तौर पर हंसते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर इस फोटो के मीम्स बनने के बाद आज भी काबोसु को डोज नाम से ही बुलाया जाता है।

गौरतलब है कि एलन मस्क ने हाल ही में कोर्ट से अपने खिलाफ दायर हुए एक 258 अरब डॉलर के केस को रद्द करने की मांग की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि एलन मस्क ने क्रिप्टोकरेंसी डोजकॉइन की कीमत जानबूझकर बढ़ाने के लिए इसके प्रचार के कई हथकंडे अपनाये। 

इसके बाद ही मस्क ने अपने मालिकाना हक वाले प्लेटफॉर्म के लोगो को डोज की तस्वीर से बदल दिया। हालांकि, ट्विटर के मोबाइल यूजर्स को फिलहाल यह बदलाव नहीं दिख रहे हैं।

मस्क के इस कदम के बाद डोजकॉइन की कीमत में करीब 30 फीसदी का उछाल देखा गया। एलन मस्क ने इसे लेकर ट्वीट भी किए हैं। इसके अलावा उन्होंने अपनी बातचीत का एक पुराना स्क्रीनशॉट भी साझा किया है, जिसमें एक यूजर उनसे ट्विटर खरीदने और इसकी नीली चिड़िया के लोगों को डोज के लोगो से बदलने के लिए कह रहा है। मस्क ने इस ट्वीट में लिखा- जैसा मैंने वादा किया था।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 30,351