- रिक्टर स्केल पर 7.0 थी तीव्रता, सुनामी का अलर्ट जारी
एबीएन सेंट्रल डेस्क। पिछले महीने तुर्की में आये भूकंप ने पूरी दुनिया को दहला दिया था और तुर्की और सीरिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 1 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। वहीं, अब गुरुवार को न्यूजीलैंड में भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, गुरुवार को न्यूजीलैंड के उत्तर में स्थित केरमाडेक द्वीप समूह में महसूस किया गया है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केन्द्र जमीन के सतह से 10 किलोमीटर अंदर था, वहीं यूएस सूनामी वार्निंग सिस्टम ने भूकंप आने के बाद 300 किमी के दायरे में निर्जन द्वीपों के लिए जल्द ही सुनामी की चेतावनी जारी कर दी है।
वहीं, चीन भूकंप नेटवर्क की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी समय के मुताबिक सुबह 8 बजकर 56 मिनट पर न्यूजीलैंड में ये भूकंप आया था। नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने कहा है कि भूकंप के बाद न्यूजीलैंड के लिए सुनामी का कोई खतरा नहीं है, लेकिन न्यूजीलैंड के द्वीपों पर सुनामी आ सकता है।
आपको बता दें, कि न्यूज़ीलैंड भी भूकंप के प्रति संवेदनशील क्षेत्र है, क्योंकि यह दुनिया की दो प्रमुख टेक्टोनिक प्लेटों-प्रशांत प्लेट और ऑस्ट्रेलियाई प्लेट की सीमा पर स्थित है। यह तीव्र भूकंपीय गतिविधि के एक क्षेत्र के किनारे पर भी है, जिसे रिंग ऑफ फायर के रूप में जाना जाता है। न्यूजीलैंड में हर साल हजारों भूकंप आते हैं।