भारतीय दूतावास ने की पुष्टि
एबीएन सेंट्रल डेस्क। तुर्की में आये विनाशकारी भूकंप ने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। भूंकप में एक भारतीय की मौत हो गई है। भारतीय दूतावास ने इस बात की पुष्टि की है। भारतीय दूतावास ने ट्वीट करते हुए बताया कि छह फरवरी को तुर्की में भूकंप आने के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक विजय कुमार का शव मिला है। उन्होंने कहा कि माल्टा के एक होटल के मलबे के बीच उनकी पहचान की गयी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारतीय दल भूकंप प्रभावित तुर्किये में राहत और बचाव कार्यों में मदद के लिए ऑपरेशन दोस्त के तहत दिन-रात काम कर रहे हैं। मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि अधिकतम लोगों की जिंदगी और संपत्ति बचाने के लिए वे अपना सर्वश्रेष्ठ देते रहेंगे। संकट की इस घड़ी में भारत तुर्किये के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।
मोदी ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची के उस ट्वीट को संलग्न किया जिसमें भारतीय दलों द्वारा की जा रही मदद के दृश्य दिखाये गये थे। बागची ने कहा कि भारतीय सेना के चिकित्सा विशेषज्ञों का दल चौबीसों घंटे घायलों को राहत पहुंचाने के काम में जुटा है। अधिकारियों ने कहा कि तुर्की के इस्केंदरन में भारतीय सेना के फील्ड अस्पताल में अब तक 106 से अधिक लोगों का इलाज किया जा चुका है।