एबीएन सेंट्रल डेस्क। कनाडा के ब्रैम्पटन प्रांत में एक हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़ की गयी और भारत-विरोधी नारे लिखे गये। इस घटना से भारतीय समुदाय सदमे में है। टोरंटो में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को ब्रैम्पटन में गौरी शंकर मंदिर पर हमले की निंदा करते हुए एक बयान जारी किया।
वाणिज्य दूतावास कार्यालय ने एक बयान में कहा कि बर्बरता के इस घृणित कृत्य से कनाडा में भारतीय समुदाय की भावनाओं को गहरा ठेस पहुंची है। हमने कनाडा के अधिकारियों के साथ इस मामले पर अपनी चिंताओं को उठाया है। फिलहाल इस मामले की कनाडा के अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन ने इस घटना की निंदा की।
ब्राउन ने ट्वीट किया कि बर्बरता के इस घृणित कृत्य का हमारे शहर या देश में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पील क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख निशान दुरैयप्पा से इस संदर्भ में बात की है। ब्राउन ने कहा कि हर कोई अपने पूजा स्थल में सुरक्षित महसूस करने का हकदार है। उल्लेखनीय है कि जनवरी माह में खालिस्तानी समर्थकों ने आस्ट्रेलिया में भी 3 हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया।