एबीएन डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने खुद माना कि पाकिस्तान की धरती पर कई आतंकी संगठन सक्रिय हैं। इन आतंकियों को इस्लामाबाद से संरक्षण प्राप्त है। यह जानकारी विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला ने ट्वीट कर दी। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की अमेरिकी उपराष्ट्रपति से मुलाकात काफी सफल रही और इस मुलाकात में आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को बेनकाब किया गया। बता दें, प्रधानमंत्री मोदी इन दिनों अमेरिका दौरे पर हैं और गुरुवार देर रात उन्होंने अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात की।
तालिबान की जीत में पाकिस्तान में हाथ : मुलाकात की जानकारी देते हुए विदेश सचिव ने बताया कि कमला हैरिस ने खुद माना कि तालिबान की मदद करने में पाकिस्तान का हाथ है। उन्होंने पाकिस्तान को साफ लहजे में चेतावनी भी दी कि वह भारत व अमेरिका की सुरक्षा के लिए खतरा न बने और अपने यहां पनप रहे आतंकवाद खत्म करे।
सीमा पार से हो रहीं आतंकी गतिविधियां : इस दौरान उन्होंने भारत में सीमा पार से हो रही आतंकी गतिविधियों पर भी सहमति प्रकट की और माना कि पाकिस्तान इसमें आतंकियों की मदद कर रहा है। बता दें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कमला हैरिस से उपराष्ट्रपति बनने के बाद पहली मुलाकात थी। इससे पहले दोनों नेताओं की फोन पर बातचीत हुई है। कोरोना काल में अच्छे दोस्त की तरह अमेरिका ने की मदद : पीएम मोदी ने कोरोना काल में प्रवासी भारतीयों के लिए अमेरिका की ओर से की मदद की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने एक अच्छे दोस्त की तरह साथ दिया।