Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
वर्ल्ड

अब प्रभु श्रीराम के भरोसे एलन मस्क का ट्विटर

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
अब प्रभु श्रीराम के भरोसे एलन मस्क का ट्विटर
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय मेधा का डंका पश्चिमी देशों में खूब बज रहा है। ब्रिटेन में ऋषि सुनक की प्रधानमंत्री के रूप में हालिया ताजपोशी के बाद अब अमेरिका में श्रीराम कृष्णन की धूम है। जो दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क द्वारा ट्विटर का टेकओवर करने की प्रक्रिया के बाद उनकी मदद कर रहे हैं। यह संयोग ही है कि ट्विटर के भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल की जगह अब श्रीराम मस्क के सहयोगी बने हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में मस्क ने ट्विटर 44 अरब डॉलर के सौदे में खरीदा है। तो बदलाव की इस मुहिम में अब श्रीराम की बड़ी भूमिका बतायी जा रही है। फिलहाल ट्विटर की प्रशासनिक व्यवस्था में लाये जा रहे बड़े बदलावों के सूत्रधार श्रीराम को बताया जा रहा है। चेन्नई में जन्मे श्रीराम ने ट्विटर पर लिखा भी है कि वे अब एलन मस्क की मदद कर रहे हैं। फिलहाल, श्रीराम एक प्रतिष्ठित इनवेस्टमेंट कंपनी में कार्यरत हैं, जिसका काम स्टार्ट अप्स में बड़ी भूमिका निभाना है। दरअसल, पेशे से इंजीनियर श्रीराम को स्टार्टअप्स में बड़े निवेशक के रूप में पहचान मिली है। वे अमेरिका की कई प्रतिष्ठित कंपनियों व क्रिप्टो करेंसी में निवेश के लिये चर्चित रहे हैं। दरअसल, ट्विटर में काम कर चुके श्रीराम ने अपने कैरियर की शुरूआत 2007 में चर्चित माइक्रोसॉफ्ट कंपनी के साथ की थी। तमिलनाडु की अन्ना यूनिवर्सिटी के एसआरएम कॉलेज में इंजीनियरिंग करने वाले श्रीकृष्ण ने सिर्फ इक्कीस साल की उम्र में सुनहरे भविष्य का सपना लिये अमेरिका प्रवास किया था। मध्यवर्गीय परिवार में जन्मे श्रीराम के पिता एक बीमा कंपनी में काम करते थे। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वे आरती से मिले और बाद में उन्हें जीवन साथी बनाया। जब श्रीराम ने ट्विटर के साथ काम किया तो कंपनी की विकास दर में बीस फीसदी का इजाफा हुआ था। दरअसल, फेसबुक व स्नैप के साथ काम कर चुके श्रीराम किस्सागोई का शौक भी रखते हैं। वे अपनी पत्नी आरती राममूर्ति के साथ एक चर्चित पॉडकास्ट शो भी चलाते रहे हैं। कहा जा रहा है कि एलन मस्क अपना मुनाफा बढ़ाने के लिये जो नये कदम उठा रहे हैं उसके मूल में श्रीराम का दिमाग काम कर रहा है। कयास लगाया जा रहा है कि फिलहाल ब्लू टिक के बदले फीस व एडिट बटन से नये फीचर्स में बदलाव जैसे फैसलों के पीछे श्रीराम ही हैं। हालांकि, कुछ फैसलों को लेकर अमेरिका में विरोध भी चल रहा है। कहा जा रहा है कि ट्विटर के सैन फ्रांसिस्को स्थित मुख्यालय में बड़े फैसले श्रीराम के निर्देश पर ही हो रहे हैं। तभी उन्होंने सार्वजनिक घोषणा करके एलन मस्क की मदद करने की बात स्वीकारी थी। दरअसल, इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में बड़े बदलावों को लेकर कयास लगाये जा रहे हैं। कुछ नये फीचर्स के साथ ही सुविधाओं के विस्तार की बात भी की जा रही है। साथ ही ट्वीट संदेश की शब्द सीमा बढ़ाने का भी विचार है। एक बदलाव यह भी होने का कयास है कि ट्विटर अकाउंट उपयोगकर्ता लॉग आउट के बाद भी ट्वीट्स व स्टोरी देख सकेंगे। फिलहाल, एक वेंचर कैपिटल फर्म में सहभागी श्रीराम का कैरियर शानदार रहा है। इससे पहले वर्ष 2013 में वे फेसबुक प्रबंधन से जुड़े थे। तीन साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए आक्रामक व्यापारिक रणनीतियों को अंजाम देने का काम किया। उपभोक्ता मनोविज्ञान पर पकड़ रखने वाले श्रीराम ने कंपनियों को नये बदलावों से बड़े मुनाफे दिलाये। इसके बाद अपने करीब दो साल के कार्यकाल में कोर कंज्यूमर उत्पाद टीम का नेतृत्व करते हुए ट्विटर को बड़ा मुनाफा दिलाया। इसी तरह याहू के साथ भी उनकी पारी उत्साहवर्धक रही। संयोग देखिये कि याहू पर चैटिंग करते हुए ही उनकी मुलाकात आरती राममूर्ति से हुई थी। बाद में वे पढ़ाई के दौरान मिले और फिर विवाह किया। एक बेटी की मां आरती सैन फ्रांसिस्को में परिवार संभालने के साथ ही नेटफ्लिक्स व फेसबुक के साथ भी काम कर चुकी हैं। साथ ही वह अपने एक शो ‘गुड टाइम’ के जरिये सिलिकॉन वैली में खासी सुर्खियां बटोर चुकी हैं। इस शो में अमेरिका के नामी उद्योगपति व तकनीकी कंपनियों के दिग्गज मेहमान बन चुके हैं जिनमें मार्क जुकरबर्ग व एलन मस्क जैसे दिग्गज भी शामिल हैं। बहरहाल, श्रीराम ट्विटर के नये मालिक एलन मस्क के मार्गदर्शक बनकर खूब चर्चा में हैं। बदलाव कर रही टीम का नेतृत्व करने पर कयास लगाये जा रहे हैं कि वे कंपनी के नये सीईओ बन सकते हैं। कहा तो यह भी जाता है कि दुनिया के सबसे धनी बहुआयामी उद्यमी एलन मस्क श्रीराम के मित्र हैं। उम्मीद लगाई जा रही है कि बेहद रचनात्मक सोच रखने वाले मस्क ट्विटर को दुनिया में प्रभावकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बना सकते हैं।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 35,690