एबीएन सेंट्रल डेस्क। टाटा ग्रुप बहुत जल्द अपना यूपीआई ऐप लॉन्च करने वाला है। फोन पे और गूगल पे की तरह टाटा ग्रुप के यूपीआई को भी आसानी से मोबाइल से इस्तेमाल किया जा सकेगा। टाटा ग्रुप ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। बहुत जल्द इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है। माना जा रहा है कि टाटा ग्रुप की इस तैयारी और लॉन्चिंग से फोन पे, गूगल पे, अमेजॉन पे और पेटीएम को कड़ी टक्कर मिल सकती है। टाटा की इस तैयारी के बारे में कई मीडिया रिपोर्ट्स में जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा ग्रुप नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया या NPCI से क्लीरेंस मिलने के इंतजार में है। एनपीसीआई से क्लीरेंस मिलते ही टाटा ग्रुप थर्ड पार्टी पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर के तौर पर यूपीआई की सेवा शुरू कर देगा। इकोनॉमिक टाइम्स ने सबसे पहले इसकी रिपोर्ट जाहिर की है।
यूपीआई ऐप लॉन्च करने का जिम्मा टाटा डिजिटल के पास है जो कंपनी का डिजिटल कॉमर्स यूनिट है। रिपोर्ट में कहा गया है कि टाटा डिजिटल यूपीआई ऐप चलाने के लिए आईसीआईसीआई समेत अन्य प्राइवेट बैंकों के साथ संपर्क में है। इन बैंकों की मदद से टाटा ग्रुप यूपीआई इंफ्रास्ट्रक्चर को बाजार में लॉन्च करेगा। टाटा ग्रुप इसके अलावा एक और बड़ी पहल पर काम कर रहा है। एक अप्रैल को टाटा नियू लॉन्च होने वाला है जिसे सुपर ऐप का नाम दिया जा रहा है। इस ऐप के जरिये टाटा ग्रुप देर से ही सही, लेकिन अब ई-कॉमर्स के क्षेत्र में बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। टाटा नियू के बाद यूपीआई ऐप को भी लाया जाएगा ताकि ग्राहक को सामान की खरीदारी के साथ ही पेमेंट करने में भी आसानी हो। टाटा ग्रुप का सुपर ऐप नियू मार्केट में कई बड़ी-बड़ी कंपनियों के साथ मुकाबला करेगा जिनमें अमेजॉन और फ्लिपकार्ट के साथ ही स्विगी और ब्लिंकिट के नाम हैं।