एबीएन बिजनेस डेस्क। अमूल ब्रांड के नाम से दूध और दूध उत्पादों के विपणनकर्ता गुजरात को-आॅपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (जीसीएमएमएफ) ने देश भर में कल से अपने अमूल फ्रेश ब्रांड के दूध की कीमत में दो रुपए प्रति लीटर बढ़ोत्तरी का फैसला किया है। अमूल फ्रेश देश भर के जिन भी बाजारों में उपलब्ध है, वह उसकी कीमत में उक्त वृद्धि के अलावा गुजरात के अहमदाबाद और सौराष्ट्र क्षेत्र के बाजारों में कल यानी एक मार्च से अमूल गोल्ड, ताजा और शक्ति की कीमतों में भी वृद्धि की गयी है। गोल्ड की कीमत रुपये 30 प्रति 500 मिली, अमूल ताजा रुपये 24 प्रति 500 मिली और अमूल शक्ति रुपये 27 प्रति 500 मिली होगी। यह रुपये 2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी केवल 4 प्रतिशत की वृद्धि होती है, जो औसत खाद्य महंगाई से बहुत कम है। इसमें कहा गया है कि पिछले 2 वर्षों में अमूल ने अपने फ्रेश दूध श्रेणी की कीमतों में प्रति वर्ष केवल 4 प्रतिशत की वृद्धि की है। एनर्जी, पैकेजिंग, परिवहन, पशु आहार की लागत में वृद्धि के कारण दूध उत्पादन खर्च में वृद्धि हुई है और इस प्रकार संचालन की कुल लागत में वृद्धि हुई है। अमूल ने किसानों की दूध खरीद की कीमतों में रुपये 35 से रुपये 40 प्रति किलो फैट की वृद्धि की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5 प्रतिशत ज्यादा है।