गिरे हुए शेयरों में कमाई का मौका? ब्रोकरेज ने चुने 19 शेयर
एबीएन बिजनेस डेस्क। शेयर बाजार में अगली तेजी की अगुवाई कौन करेगा? एलारा सिक्योरिटीज ने 19 ऐसे शेयर चुने हैं, जिनमें एचडीएफसी बैंक, गोदरेज प्रॉपर्टीज और शोभा शामिल हैं। भारतीय शेयर बाजार करीब दो साल से एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। लेकिन अब बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ब्रोकरेज फर्म एलारा सिक्योरिटीज की रिपोर्ट के मुताबिक, अगली तेजी में वे शेयर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, जिनकी कीमतों में पिछले कुछ समय के दौरान बड़ी गिरावट आई है। ब्रोकरेज ने ऐसे 19 शेयर चुने हैं। इनमें एचडीएफसी बैंक, एवेन्यू सुपरमार्ट्स, एचडीएफसी लाइफ और गोदरेज प्रॉपर्टीज जैसी कंपनियां शामिल हैं।
एलारा सिक्योरिटीज का कहना है कि बाजार में गिरावट के दौरान जिन शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है, जरूरी नहीं कि अगली तेजी में भी वही सबसे आगे रहें। इस बार उन शेयरों को मौका मिल सकता है, जो पिछले कुछ वर्षों में काफी पिछड़ गये हैं। ब्रोकरेज ने ऐसे शेयरों को फॉलन एंजेल्स कहा है। इसका आसान मतलब है ऐसे शेयर, जिनकी कीमत पहले काफी ऊंची थी, लेकिन अब वे अपने पुराने स्तर से काफी नीचे कारोबार कर रहे हैं।
किन शेयरों को माना गया फॉलन एंजेल्स?
एलारा ने ऐसे शेयरों की पहचान के लिए तीन शर्तें रखी हैं। पहली, कंपनी की बाजार में कुल कीमत पिछले तीन साल के सबसे ऊंचे स्तर से कम से कम २५ फीसदी नीचे होनी चाहिए।
दूसरी, पिछले एक साल में उस शेयर का प्रदर्शन एनएसई 500 सूचकांक के मुकाबले कम से कम 15 प्रतिशत अंक कमजोर रहा हो। तीसरी, कंपनी अपने शेयरधारकों की लगाई पूंजी पर 15 फीसदी या उससे कम सालाना मुनाफा कमा रही हो। इसे रिटर्न आॅन इक्विटी कहा जाता है। इन शर्तों के आधार पर ब्रोकरेज ने पहले 132 शेयरों की पहचान की। फिर इनमें से 19 शेयरों को अपनी पसंदीदा सूची में शामिल किया।
ब्रोकरेज ने किन शेयरों को चुना?
बड़ी कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, एवेन्यू सुपरमार्ट्स, एलटीआईमाइंडट्री और एचडीएफसी लाइफ शामिल हैं। मझोली कंपनियों में गोदरेज प्रॉपर्टीज, आईटीसी होटल्स और यूपी जैसे नाम हैं। छोटी कंपनियों में कायन्स टेक्नोलॉजी, एनसीसी और शोभा शामिल हैं। ब्रोकरेज ने कुल 19 शेयर चुने हैं।
कंपनी का नाम
- एचडीएफसी बैंक
- एवेन्यू सुपरमार्ट्स
- एलटीएम
- एचडीएफसी लाइफ
- गोदरेज कंज्यूमर
- हैवेल्स इंडिया
- फोर्टिस हेल्थकेयर
- गोदरेज प्रॉपर्टीज
- यूपीएल
- विशाल मेगा मार्ट
- आईटीसी होटल्स
- केन्स टेक्नोलॉजी
- रामको सीमेंट्स
- सीईएससी
- सुमितोमो केमिकल
- शोभा
- क्रॉम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर
- लेमन ट्री होटल्स
- एनसीसी
गिरे हुए शेयरों में तेजी की उम्मीद क्यों?
एलारा के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार सितंबर 2024 के ऊंचे स्तर से अक्टूबर 2026 के निचले स्तर तक काफी दबाव में रहा। ब्रोकरेज का मानना है कि इस गिरावट के पीछे मुख्य रूप से दुनिया भर के बाजारों की खराब परिस्थितियां रही हैं। भारतीय कंपनियों की कमाई में उतनी बड़ी कमजोरी नहीं आयी है। रिपोर्ट के मुताबिक, एनएसई 500 की जिन 394 कंपनियों ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किये हैं, उनका कुल शुद्ध मुनाफा पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 27.5 फीसदी बढ़ा है। यही वजह है कि ब्रोकरेज को बाजार में अगली तेजी की उम्मीद दिखाई दे रही है।
क्या हर गिरा हुआ शेयर अच्छा रिटर्न देगा?
एलारा की रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ किसी शेयर की कीमत गिर जाना उसके अच्छे प्रदर्शन की गारंटी नहीं है। ब्रोकरेज ने पुराने आंकड़ों की जांच में पाया कि औसतन 57 फीसदी फॉलन एंजेल शेयरों ने एनएसई 500 सूचकांक से बेहतर प्रदर्शन किया। लेकिन जिन कंपनियों के मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी हुई, कमाई के मुकाबले खर्च घटे या बाजार की दूसरी कंपनियों के मुकाबले मुनाफे में उनकी हिस्सेदारी बढ़ी, उनमें करीब 75 फीसदी शेयरों ने सूचकांक से बेहतर रिटर्न दिया। यानी ब्रोकरेज के विश्लेषण में उन शेयरों के बेहतर प्रदर्शन की संभावना ज्यादा रही, जिनकी कीमत गिरने के बाद कंपनी की कमाई में भी सुधार हुआ।
महंगे और गिरे हुए शेयरों की कीमत में कितना अंतर?
एलारा ने अपनी रिपोर्ट में शेयरों की कीमत और कंपनियों की कमाई के बीच अंतर को भी समझाया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, जिन शेयरों ने बाजार में अच्छा प्रदर्शन किया है, उनकी कीमत कंपनियों की पिछले एक साल की प्रति शेयर कमाई से औसतन 44 गुना है। वहीं, फॉलन एंजेल शेयरों की कीमत उनकी कमाई के मुकाबले औसतन 29 गुना है।
शेयरों की श्रेणी कमाई के मुकाबले शेयर की औसत कीमत
- अच्छा प्रदर्शन करने वाले शेयर 44 गुना
- काफी गिर चुके शेयर 29 गुना
स्रोत: एलारा सिक्योरिटीज
इसका मतलब है कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले शेयरों के लिए निवेशक कंपनियों की कमाई के मुकाबले ज्यादा कीमत चुका रहे हैं। दोनों तरह के शेयरों की कीमतों के बीच करीब डेढ़ गुना का अंतर है। ब्रोकरेज के मुताबिक, बाजार में पिछली बड़ी गिरावटों के दौरान यह अंतर औसतन 1.6 गुना रहा था। एलारा इसे बाजार में बदलाव का एक अहम संकेत मानता है।
छह महीने में 61 से बढ़कर 80 हुए ऐसे शेयर
एलारा की रिपोर्ट के मुताबिक, एनएसई 500 में काफी गिर चुके शेयरों की संख्या भी बढ़ रही है। अप्रैल 2026 में ऐसे 61 शेयर थे। अक्टूबर तक इनकी संख्या बढ़कर 80 हो गई। अब एनएसई 500 में हर 100 में से करीब 16 शेयर इस श्रेणी में आते हैं। अप्रैल के मुकाबले इनकी हिस्सेदारी चार प्रतिशत अंक बढ़ी है। इसके अलावा पिछले एक साल में एनएसई 500 सूचकांक ने नुकसान दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि पहले भी बाजार की बड़ी गिरावटों के आसपास ऐसी परिस्थितियां देखने को मिली थीं।
निवेश का सही समय कितना जरूरी?
एलारा ने अपने अनुमान की जांच के लिए पिछले बाजार के निचले स्तरों के आसपास निवेश करने के नतीजे भी देखे। ब्रोकरेज ने बाजार के निचले स्तर से छह महीने पहले और छह महीने बाद तक अलग-अलग समय पर निवेश करने की रणनीति की जांच की। इसके लिए हर महीने के आखिर में 10 बड़ी, 10 मझोली और 10 छोटी कंपनियों के शेयर चुने गये। फिर देखा गया कि एक और दो साल बाद उनका प्रदर्शन कैसा रहा।
इस जांच में कुल 78 निवेश अवसरों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से 60 मामलों में चुने गए शेयरों ने अगले एक साल में एनएसई 500 से बेहतर प्रदर्शन किया। ब्रोकरेज के अनुसार, पुराने आंकड़ों से पता चलता है कि बाजार के बिल्कुल सबसे निचले स्तर पर निवेश करना जरूरी नहीं रहा। उसके आसपास अलग-अलग समय पर निवेश करने से भी कई मामलों में बेहतर रिटर्न मिला। हालांकि, यह निष्कर्ष पुराने आंकड़ों पर आधारित है।
आगे बाजार के लिए सबसे बड़ा खतरा क्या है?
एलारा ने महंगाई और ब्याज दरों को अपने अनुमान के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, अगर भारत में वर्ष 2011 जैसी स्थिति बनती है, जब महंगाई बढ़ने के कारण ब्याज दरों में सख्ती करनी पड़ी थी, तो बाजार की अगली तेजी को लेकर उसका अनुमान प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा कंपनियों के मुनाफे में बढ़ोतरी और खर्च के मुकाबले कमाई में सुधार भी अहम रहेगा। ब्रोकरेज का मानना है कि अगले 12 से 24 महीनों में कंपनियों की कमाई का प्रदर्शन तय करेगा कि काफी गिर चुके शेयर बाजार से बेहतर रिटर्न दे पाते हैं या नहीं।
निवेशकों के लिए क्या हैं संकेत?
एलारा सिक्योरिटीज का मानना है कि भारतीय शेयर बाजार अगली तेजी के दौर के करीब पहुंच सकता है। इस बार उन शेयरों का प्रदर्शन बेहतर रह सकता है, जो पिछले दो साल के दौरान काफी पिछड़ गए हैं। हालांकि, ब्रोकरेज ने साफ किया है कि केवल कीमत में बड़ी गिरावट के आधार पर किसी शेयर को चुनना सही नहीं होगा। कंपनी के मुनाफे में सुधार और आगे कमाई बढ़ने की संभावना भी जरूरी है।