एलपीजी ग्राहकों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब 25 दिन बाद बुक होगा अगला सिलेंडर
एबीएन बिजनेस डेस्क। घरेलू एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की दोबारा बुकिंग के नियम में बदलाव किया है। अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के ग्राहक 25 दिन के अंतर के बाद नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सोमवार, 7 सितंबर 2026 को सरकारी तेल कंपनियों इंडियन आॅयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम को इस नियम को पूरे देश में एक समान लागू करने का निर्देश दिया है।
नया नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। फरवरी 2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद एलपीजी की सप्लाई पर दबाव बढ़ गया था। इस दौरान गैस सिलेंडर की मांग को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतर तय किया था।
उस समय शहरी ग्राहकों के लिए 25 दिन, जबकि ग्रामीण ग्राहकों के लिए 45 दिन के बाद ही दोबारा एलपीजी सिलेंडर बुक करने का नियम बनाया गया था। इसे एक अस्थायी व्यवस्था के तौर पर लागू किया गया था। अब मंत्रालय के मुताबिक एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई की स्थिति पहले के मुकाबले बेहतर हो गई है और बुकिंग का बैकलॉग भी काफी कम हुआ है।
इसी को देखते हुए सरकार ने शहरी और ग्रामीण ग्राहकों के बीच अंतर खत्म करने का फैसला किया है। अब देशभर के सभी घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए सिलेंडर बुक करने का अंतर 25 दिन रहेगा। यानी ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों को अब 45 दिन तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।