जानें गिरावट की वजहें?
एबीएन बिजनेस डेस्क। शुरुआती तेजी के बाद शेयर बाजार दिनभर लाल निशान पर कारोबार करता दिखा। 1 जून को सेंसेक्स 508.40 अंक गिरकर 74,267.34 पर आ गया। निफ्टी में भी 165.15 अंकों की गिरावट रही, ये 23,382.60 के स्तर पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 592.19 प्वाइंट्स उछलकर 75,367.93 और निफ्टी 185.95 प्वाइंट्स बढ़कर 23,733.70 तक पहुंच गया था।
शेयर बाजार में गिरावट के कारण...
- कच्चे तेल में उछाल : मध्य पूर्व (इजराइल-हिजबुल्लाह संघर्ष) में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। अमेरिकी क्रूड फ्यूचर्स 2.71% बढ़कर $89.73 प्रति बैरल और ब्रेंट फ्यूचर्स 2.37% बढ़कर $93.28 प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
- सेक्टोरल गिरावट : बाजार में सरकारी बैंकिंग सेक्टरों पर भारी दबाव देखा गया है, जिससे इनके सूचकांकों में 1% से अधिक की गिरावट आयी है। साथ ही, निफ्टी रियल्टी और आॅटो सेक्टर भी आधे फीसदी से ज्यादा नीचे गिरे हैं।
- मुनाफा वसूली : बाजार में रिकवरी के बाद निवेशकों ने ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली की है, जिससे बाजार में नरमी आई है।
शुक्रवार को सेंसेक्स 1092 अंक गिरकर 74,775 पर बंद हुआ था
29 मई को सेंसेक्स 1092 अंक गिरकर 74,775 पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 359 अंक गिरकर 23,547 के स्तर पर बंद हुआ। मेटल-आॅटो शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही।