सरकार के संकेत से मेटल शेयर चमके, 4% तक उछले स्टॉक
एबीएन बिजनेस डेस्क। आज (26 नवंबर) को मेटल कंपनियों के शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली। सेल, जेएसडब्ल्यू स्टील, वेदांता, हिंद कॉपर सहित कई दिग्गज स्टॉक्स ट्रेडिंग के दौरान 4% तक बढ़े। इसके दम पर निफ्टी मेटल इंडेक्स 2% उछलकर 10,267 तक पहुंच गया।
दो दिनों में यह इंडेक्स कुल 2.5% चढ़ चुका है। मेटल शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आयी है, जब स्टील सेके्रटरी ने संकेत दिया कि सरकार स्टील आयात पर सेफगार्ड ड्यूटी को लेकर जल्द ही फैसला ले सकती है।
इस तेज रैली के पीछे तीन बड़े कारक रहे
- स्टील आयात पर सेफगार्ड ड्यूटी की वापसी के संकेत : स्टील मंत्रालय के सेके्रटरी संदीप पौंड्रिक ने कहा है कि सरकार कुछ स्टील उत्पादों पर सेफगार्ड ड्यूटी लगाने पर निकट भविष्य में फैसला कर सकती है। डीजीटीआर ने तीन साल की सेफगार्ड ड्यूटी की सिफारिश की है और इस पर विचार शुरू हो चुका है। यह बयान आते ही मेटल स्टॉक्स में तेजी बढ़ गयी।
- आरबीआई से रेट कट की उम्मीद : आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ब्याज दरों में कटौती की स्पष्ट गुंजाइश का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर एमपीसी मीटिंग के बाद आये डेटा ने रेट कट की संभावनाओं को कमजोर नहीं किया है। दिसंबर की बैठक में रेट कट की संभावना ने बाजार सेंटीमेंट को मजबूत किया और मेटल स्टॉक्स को बल दिया।
- अमेरिका में भी दरें घटने की संभावना : अमेरिकी फेड दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। यूएस में रेट कट होने पर ग्लोबल फंड्स की लागत कम होती है और भारत जैसे ग्रोथ मार्केट में निवेश बढ़ सकता है, जिससे मेटल सेक्टर को सपोर्ट मिलता है।