शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 511 अंक टूट कर 81,896 पर हुआ बंद
एबीएन बिजनेस डेस्क। भारतीय शेयर बाजारों में आज 23 जून को कारोबारी हफ्ते के पहले दिन जोरदार गिरावट देखने को मिली। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के चलते निवेशकों ने चौतरफा बिकवाली की। सेंसेक्स 511 अंक टूटकर 81,896 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 140 अंक की गिरावट रही, ये 24,971 के स्तर पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में गिरावट के कारण...
- कच्चे तेल की कीमतों में उछाल : ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स का भाव लगभग 2% चढ़कर 78 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है। वहीं हळक क्रूड का भाव 1.7% बढ़कर 75 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। अमेरिका की ओर से ईरान के तीन परमाणु फैसिलिटी पर हवाई हमले किए जाने के बाद ग्लोबल लेवल पर क्रूड की सप्लाई बाधित होने की आशंका जतायी जा रही है। इसके अलावा ईरान की संसद ने होरमुज जलडमरूमध्य को बंद करने के प्रस्ताव का समर्थन किया है, जो पूरी दुनिया के लिए आयल शिपमेंट का एक अहम रास्ता है। भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए कीमतों का बढ़ना भारतीय इकोनॉमी के लिए अच्छा नहीं माना जाता है।
- पश्चिम एशिया में तनाव : अमेरिका ने ईरान के फोर्डो, नतांज और इस्फहान परमाणु ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इजराइल-ईरान संघर्ष में अमेरिका के इस तरह खुलकर शामिल होने के चलते पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव गहरा गया है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट, वी के विजय कुमार ने कहा, भले ही ईरान की तीन परमाणु सुविधाओं पर अमेरिकी बमबारी ने पश्चिम एशिया में संकट को और बढ़ा दिया है, लेकिन शेयर बाजार पर इसका प्रभाव सीमित रहने की संभावना है। होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने की संभावना हमेशा से ही एक खतरा रही है, लेकिन इसे वास्तव में अभी तक कभी बंद नहीं किया गया है।
- कमजोर ग्लोबल संकेत : भारतीय शेयर बाजारों के खुलने से पहले अधिकतर एशियाई बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। साउथ कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 और हांगकांग का हैंगसेंग लाल निशान में थे। अमेरिका के बाजार भी शुक्रवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे और वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स भी आज सुबह लाल निशान में रहा। इसके चलते भारतीय शेयर बाजार का सेंटीमेंट आज कमजोर रहा।
- भारतीय रुपये पर दबाव : अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 86.72 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के चलते रुपये पर दबाव बना है।
- आईटी शेयरों में बिकवाली : आईटी कंपनियों के शेयरों में आज तगड़ी गिरावट देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स आज 1 % से अधिक लुढ़क गया। इंफोसिस, एचसीएल टेक और टीसीएस के शेयर 3% तक टूट गये। इस गिरावट की सबसे मुख्य वजह रही दिग्गज अमेरिकी आईटी कंपनी एक्सचेंर के मई तिमाही के कमजोर नतीजे। एक्सचेंर का मई तिमाही में रेवेन्यू ग्रोथ सालाना आधार पर 7 फीसदी रहा, लेकिन उसने आगे ग्रोथ को लेकर अनिश्चितता जतायी है।