अचानक शेयर बाजार में आई बड़ी गिरावट, निवेशकों को हुआ नुकसान, ये शेयर चमके
एबीएन बिजनेस डेस्क। भारतीय शेयर बाजार में आज 30 दिसंबर को भारी उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 450.94 अंक या 0.57 फीसदी की गिरावट के साथ 78,248.13 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 168.50 अंक या 0.71 फीसदी लुढ़ककर 23,644.90 के स्तर पर बंद हुआ।
इसके चलते शेयर बाजार में आज निवेशकों के करीब 81,000 करोड़ रुपए डूब गये। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि विदेशी निवेशकों की ओर से निकासी और डॉलर के मुकाबले रुपए में कमजोरी के चलते निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर बना हुआ है।
आज के कारोबार के दौरान कैपिटल गुड्स, आटो, मेटल, कमोडिटी, रियल्टी और बैकिंग शेयरों में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली। दूसरी ओर आईटी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली।
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 30 दिसंबर को घटकर 441.50 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी शुक्रवार 27 दिसंबर को 442.31 लाख करोड़ रुपए था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 81,000 करोड़ रुपये घटा है या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 81,000 करोड़ रुपए की गिरावट आयी है।