शेयर बाजार में कोहराम, सेंसेक्स 796 अंक टूटा
निवेशकों के 3 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
एबीएन बिजनेस डेस्क। गणेश चतुर्थी की छुट्टी के बाद आज शेयर बाजार भारी गिरावट के साथ खुला। खुलने के साथ यह गिरावट बढ़ती गयी। हैवी वेट शेयर में चौतरफा बिकवाली के कारण बीएसई सेंसेक्स 796.00 अंक की बड़ी गिरावट के साथ 66,800.84 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी 50 भी औंधे मुंह गिरकर बंद हुआ। निफ्टी 50 222.85 अंक लुढ़क कर 19,910.45 अंक पर बंद हुआ। इस तरह एक दिन में निवेशकों के लाख करोड़ रुपये डूब गये। 18 सितंबर को जब बाजार बंद हुआ था तो बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 3.23 लाख करोड़ रुपये था।
वहीं, आज में बाजार में बड़ी गिरावट आने से लिस्टेड कंपनियों का पूंजीकरण घटकर 3.20 लाख करोड़ रह गया। इस तरह एक दिन में ही निवेशकों के 3 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गये। सेंसेक्स में शामिल 30 में से सिर्फ 6 शेयर हरे निशान में और 24 बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए।
रिलायंस इंडस्ट्रीज से लेकर एचडीएफसी बैंक के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक का शेयर 3.84% टूटकर 1565.50 रुपये पर बंद हुआ। रिलांयस के शेयरों में भी 2% से अधिक की गिरावट रही।