कलपुर्जों के दाम 80 प्रतिशत तक घटे
एबीएन बिजनेस डेस्क। अगर आप टीवी, कंप्यूटर और स्मार्टफोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद खरीदने जा रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। कंपनियां इन उत्पादों के दाम जल्द घटा सकती हैं। दरअसल, पिछले 12 महीने से विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की मांग में कमी आयी है।
वहीं, कोविड काल में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची माल ढुलाई की लागत अब घटकर करीब 10 फीसदी रह गयी है। इसके साथ ही इन उत्पादों से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जों की कीमतों में भी 60-80 फीसदी तक की गिरावट आयी है। यही कारण है कि कंपनियां अब मांग बढ़ाने के लिए इस त्योहारी सीजन में ग्राहकों के लिए कीमतें घटा सकती हैं।
भारत में टीवी, मोबाइल फोन के कैमरे, चिप जैसे उत्पादों की मांग पिछले साल की दिवाली के बाद से कम हो गयी है, क्योंकि ग्राहकों ने ज्यादा महंगाई, ब्याज दरों में वृद्धि और तकनीकी क्षेत्र में नौकरी के नुकसान के कारण खर्च कम कर दिया है।
जनवरी से मार्च तिमाही में भारतीय स्मार्टफोन बाजार में साल-दर-साल 16 फीसदी व कंप्यूटर बाजार में 30 फीसदी की गिरावट हुई है। कोविड के दौरान चीन से कलपुर्जों की कंटेनरों से ढुलाई की लागत साढ़े छह लाख रुपये प्रति कंटेनर तक पहुंच गयी थी। यह अब घटकर 70 हजार से 80 हजार रुपये तक रह गयी है। साथ ही, सेमीकंडक्टर चिप और कैमरा मॉड्यूल सहित सभी स्मार्टफोन कलपुर्जों की कीमतें अब तक के निचले स्तर पर हैं।
सभी इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों और माल ढुलाई की कीमतें लगभग उसी स्तर पर हैं, जितनी कोविड से पहले थीं। कुछ मामलों में मांग में वैश्विक गिरावट और कुछ देशों में मंदी के कारण भी कीमतें कम हो गयी हैं।