एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत की अग्रणी टेलीकम्यूनिकेशन सर्विस प्रोवाइडर कंपनी, भारती एयरटेल (एयरटेल) ने आज घोषणा की कि उसके नेटवर्क पर अद्वितीय 5जी उपयोगकर्ताओं की संख्या 10 लाख को पार कर गई है। एयरटेल द्वारा अभी अपने 5जी नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है और कंपनी ने अपने वाणिज्यिक लॉन्च के 30 दिनों से भी कम समय में इस मुकाम को हासिल कर लिया है।
अक्टूबर महीने की शुरुआत में, एयरटेल ने दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, सिलीगुड़ी, नागपुर और वाराणसी में अपनी 5जी सेवाओं के शुरुआत की घोषणा की थी। इन शहरों में सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है, क्योंकि कंपनी अपने नेटवर्क का निर्माण और रोल आउट पूरा कर रही है।
भारती एयरटेल के सीटीओ, रणदीप सेखों ने कहा, हालांकि यह प्रारंभिक चरण है, फिर भी ग्राहकों की प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक है। हमारा नेटवर्क प्रतिदिन विस्तृत किया जा रहा है यहां तक की सभी 5जी डिवाइस अब एयरटेल 5जी प्लस नेटवर्क पर काम करने में सक्षम हैं, कुछ अपवादों को छोड़ कर जो आने वाले हफ्तों में काम करने लगेंगे। हम पूरे देश को जोड़ने के लक्ष्य के साथ अपने नेटवर्क का विस्तार करना जारी रखेंगे।