टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। बीआईटी सिंदरी सहित राज्य के 16 इंजीनियरिंग संस्थानों के कुल 4898 सीटों पर नामांकन के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) ने पहली राज्य मेधा सूची जारी कर दी है। प्राप्त आवेदन के आधार पर राज्य मेघा सूची में कुल 2801 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है, जबकि तीन अभ्यर्थियों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया गया है। सूची में शामिल अभ्यार्थी पहले चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया के तहत 26 सितंबर से तीन अक्टूबर तक आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन और च्वाइस फिलिंग कर सकते हैं। बीआईटी सिंदरी में पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी 680 सीट हैं। राज्य के सरकारी कॉलेज के रूप में पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज में भी इस वर्ष से नामांकन होंगे। यहां सिविल, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के कुल 300 सीटों पर नामांकन होंगे।